साध्वी प्रेम बाईसा की जहर से हुई मौत? पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई सामने, जानिए क्या है पूरा मामला

552

राजस्थान की कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा (Sadhvi Prem Baisa) की बुधवार (28 जनवरी) को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुक्रवार (30 जनवरी) को बालोतरा के परेऊ गांव में आश्रम में संत परंपरा के अनुसार समाधि दी गई लेकिन अब मामले ने तूल पकड़ लिया है। पिता के मुताबिक, बाईसा को बुधवार को जोधपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। कुछ मिनटों बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया था।

प्रेम बाईसा के पिता वीरमनाथ का दावा है कि उन्हें केवल मामूली जुकाम था। जोधपुर के ही आश्रम में उन्हें एक इंजेक्शन लगाया गया था, इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। हॉस्पिटल में मौत के बाद उनका एक कथित सुसाइड नोट सामने आया था। इसके बाद साध्वी से जुड़ा पुराना ब्लैकमेलिंग केस फिर चर्चा में आ गया है। वहीं, कई भक्तों ने उनके पिता की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।

क्या है पूरा मामला?
साध्वी प्रेम बाईसा की 3 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इसके बाद कई कहानी सामने आयी। मामले में SIT का गठन होने के बाद कई खुलासे हुए। SIT की प्रमुख और एसीपी छवि शर्मा ने शुरुआती जांच के बाद संकेत दिए हैं कि यह मामला केवल सामान्य इलाज तक सीमित नहीं है। जांच टीम की पूछताछ में मुख्य आरोपी कंपाउंडर देवी सिंह ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने साध्वी को केवल एक इंजेक्शन नहीं, बल्कि एक से अधिक इंजेक्शन लगाए थे। पुलिस इस मामले में आर्थिक एंगल को भी गंभीरता से देख रही है। आश्रम से जुड़े सभी आधिकारिक बैंक खातों को खंगाला जा रहा है. आश्रम से जुड़े प्रमुख व्यक्तियों के निजी बैंक खातों की भी जांच हो रही है ताकि किसी भी तरह के संदिग्ध वित्तीय लेनदेन या ‘मनी ट्रेल’ का पता लगाया जा सके।

ये भी पढ़ें: ‘चौथा बच्चा पैदा करने पर 21000 और पांचवां करने पर 31000 देंगे’ पिंकी चौधरी फिर दिया विवादित बयान, देखें VIDEO

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पता चली असली वजह? 
3 दिन बाद अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई है। जिसमें साध्वी की मौत की असली वजह का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार, साध्वी की छोटी और बड़ी आंत लाल हो चुकी थी, बताया जा रहा है कि शरीर में जहर जाने पर आंत लाल हो जाती है। ऐसे में अब विसरा की कैमिकल जांच करवाई जा रही है।

साध्वी की मौत की गुत्थी और उलझी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ‘कॉज ऑफ डेथ’ का पता न चल पाने और आंत के लाल होने पर साध्वी की मौत की गुत्थी अब और उलझ गई है। अब सवाल है कि अगर जहर की वजह से आंत लाल हुई तो शरीर में जहर कैसे पहुंचा। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। FSL की जांच रिपोर्ट के बाद खुलासा होने की उम्मीद है। उधर पुलिस साध्वी को इंजेक्शन देने वाले कंपाउंडर देवी सिंह से पूछताछ कर रही है। साध्वी को किस हालात में इंजेक्शन लगाया था और उस समय साध्वी प्रेम बाईसा की तबीयत कैसी थी। जानकारी के मुताबिक, कंपाउंडर देवी सिंह ने पुलिस को बताया कि साध्वी पहले कई बार डेक्सोना इंजेक्शन ले चुकी थीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

क्या होता है डेक्सोना इन्जेक्शन?
डेक्सोना इन्जेक्शन एक स्टेरॉयड्स दवा है। इसका इस्तेमाल जोड़ों में गंभीर सूजन को कम करने के लिए किया जाता है, जैसे रूमेटॉइड आर्थराइटिस और अस्थमा के गंभीर मामले में, और त्वचा की एलर्जी और आंखों की स्थितियों जैसी कई स्थितियों का इलाज करने के लिए किया जाता है।

आश्रम के बाहर मिली 2 अस्थालीन की सीसी
वहीं, साध्वी प्रेम बाईसा के आश्रम के बाहर दो अस्थालीन की सीसी मिली है। उधर साध्वी के डेक्सोना इंजेक्शन लेने को लेकर कंपाउंडर के खुलासे से अब सवाल खड़ा हो गया कि क्या साध्वी अस्थमा की मरीज थीं। बता दें, अस्थालीन अस्थमा के दौरे को रोकने के लिए दिया जाता है।

वायरल हुई थी अश्लील वीडियो
13 जुलाई 2025 को सोशल मीडिया पर साध्वी का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में वे एक व्यक्ति से गले मिलते नजर आ रही थीं। इसे अश्लील बताकर प्रचारित किया गया था। साध्वी ने 16 जुलाई को बोरानाडा थाने में इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी एफआईआर में बताया था कि वीडियो में दिखने वाला व्यक्ति उनके पिता वीरमनाथ (गुरुजी) हैं। यह वीडियो 2021 का था, जब वे अवसाद में थीं और पिता ने उन्हें ढांढस बंधाया था।

मामले की जांच के बाद पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें साउंड सिस्टम लगाने का काम करने वाला जोगेंद्र उर्फ जोगाराम (29), पूर्व ड्राइवर रमेश, कृष्णा (जोगेंद्र की पत्नी) और दो अन्य लोग शामिल थे। साध्वी ने आरोप लगाया था कि जोगेंद्र ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे से इसे निकाला था। इसके बाद उसने और उसके साथियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख रुपए की मांग की। जब साध्वी ने पैसे देने से इनकार किया, तो उन्होंने 13 जुलाई 2025 को वीडियो को एडिट करके सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।