एंटरटेनमेंट की आड़ में फैल रही अश्लीलता पर केंद्र सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को 24 ओटीटी ऐप्स और वेबसाइटों पर प्रतिबंध (OTT Bans) लगा दिया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के निर्देश पर इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर (ISP) को आदेश जारी किए गए हैं कि इन प्लेटफॉर्म्स की वेबसाइटों और मोबाइल ऐप्स को तुरंत ब्लॉक किया जाए।
सरकार का आरोप है कि ये प्लेटफ़ॉर्म्स न केवल अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री दिखा रहे थे, बल्कि भारतीय समाज, महिलाओं और बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहे थे। मंत्रालय ने इस कदम को “डिजिटल स्पेस की सफाई” की दिशा में एक ज़रूरी कदम बताया है।
कौन-कौन से ऐप्स बैन हुए हैं?
बैन किए गए प्लेटफॉर्म्स में कुछ नाम पहले से ही विवादों में रहे हैं। इनकी सूची में शामिल हैं: Ullu, ALTT (Alt Balaji), Big Shots, Desiflix, Boomex, Navrasa Lite, Gulab App, Kangan App, Bull App, Jalwa App, Wow Entertainment, Look Entertainment, HitPrime, Phenio, ShowX, Soul Talkies, Adda TV, HotX VIP, Hulchul App, MoodX, NeonX VIP, Fyugi, MozFlix और TryFlix।
इनमें से कई ऐप्स ने अपनी मार्केटिंग को ‘देसी बोल्ड स्टोरीज़’ या ‘रियल इंडिया का इंटरटेनमेंट’ जैसे टैगलाइन से प्रमोट किया, लेकिन कंटेंट में नग्नता, महिला शोषण और अश्लील दृश्यों की भरमार थी।
ये भी पढ़ें: 8 साल से यौन उत्पीड़न का मामला कोर्ट में, फिर कैसे मिला BJP सांसद के बेटे को सरकारी पद
क्यों उठाया गया ये कदम?
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कई ओटीटी ऐप्स बिना किसी कंट्रोल या सेंसरशिप के पोर्नोग्राफी की सीमा तक चले जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन प्लेटफॉर्म्स के दर्शक वर्ग में किशोर और युवा बड़ी संख्या में शामिल थे, जिससे यह सामग्री और अधिक संवेदनशील मानी जा रही थी। इसके अलावा, महिलाओं के संगठनों, पैरेंटल फोरम्स और डिजिटल सेफ्टी एक्सपर्ट्स ने भी इन ऐप्स के खिलाफ आवाज़ उठाई थी।
व्हाट्सऐप चैनल से जुड़ें, ताकि ऐसी ज़रूरी खबरें आप तक तुरंत पहुंचें। [यहां क्लिक करें]

क्या ओटीटी अब सेंसर होगा?
यह सवाल पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में है कि क्या ओटीटी कंटेंट को भी अब सेंसरशिप या पूर्व स्वीकृति की प्रक्रिया से गुजरना होगा। अभी तक ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को सेल्फ-रेगुलेशन का अधिकार दिया गया था, लेकिन इस व्यवस्था के दुरुपयोग की बढ़ती घटनाओं ने सरकार को सख्ती के लिए मजबूर किया है।
सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में सरकार एक नया डिजिटल कंटेंट गवर्नेंस फ्रेमवर्क लागू कर सकती है, जो न केवल अश्लीलता बल्कि फेक न्यूज़, धार्मिक विद्वेष और साइबर अपराध जैसे विषयों पर भी नज़र रखेगा।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































