विजय और रश्मिका मंदाना 26 फरवरी को करेंगे शादी, 3 मार्च को हैदराबाद में होगा रिसेप्शन, देखें कार्ड

200

साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे Vijay Deverakonda और Rashmika Mandanna 26 फरवरी 2026 को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की शादी उदयपुर में डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में आयोजित की जाएगी, हालांकि वेन्यू को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। शादी के बाद 3 मार्च को हैदराबाद में भव्य रिसेप्शन रखा जाएगा।

मीडिया में वायरल हो रहे रिसेप्शन निमंत्रण पत्र में दोनों की साझा यात्रा का जिक्र किया गया है। कार्ड में लिखा है कि परिवारों के आशीर्वाद से वे 26 फरवरी को एक निजी और सादगीपूर्ण समारोह में विवाह कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने अपने करीबी लोगों से इस खास मौके पर शामिल होकर आशीर्वाद देने की अपील की है। रिसेप्शन शाम 7 बजे से शुरू होगा।

बता दें, अभी तक शादी की आधिकारिक घोषणा दोनों स्टार्स की तरफ से नहीं की गई है लेकिन पिछले कुछ समय से शादी की खबरों ने जोर पकड़ लिया है। खबर बीच में ये भी आई थी कि नेटफ्लिक्स ने शादी के राइट्स खरीदने के लिए स्टार्स को 60 करोड़ का ऑफर भी दिया था। फिलहाल शादी होगी या नहीं सस्पेंस पूरा बना हुआ है।

कैसे शुरू हुई प्रेम कहानी?
रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों ने पिछले साल अक्टूबर में हैदराबाद में एक निजी समारोह में सगाई की थी। हालांकि उन्होंने औपचारिक रूप से इसकी घोषणा नहीं की, लेकिन बाद के आयोजनों में उन्होंने इस खबर का खंडन भी नहीं किया। रश्मिका की फिल्म The Girlfriend के सक्सेस इवेंट में विजय का उनके साथ नजर आना और उनका सपोर्ट करना भी चर्चा में रहा।

विजय और रश्मिका ने पहली बार 2018 की सुपरहिट तेलुगु फिल्म Geetha Govindam में साथ काम किया था। फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद दोनों की जोड़ी दर्शकों की पसंदीदा बन गई। इसके बाद वे Dear Comrade में भी साथ नजर आए। लगातार एक जैसी जगहों पर छुट्टियां मनाने, त्योहारों पर साथ दिखने और एक-दूसरे की फिल्मों को सार्वजनिक रूप से सपोर्ट करने से उनके रिश्ते की चर्चाएं और तेज हो गई थीं।

विजय देवरकोंडा को देशभर में पहचान Arjun Reddy से मिली, जिसने उन्हें तेलुगु सिनेमा का दमदार अभिनेता बना दिया। वहीं रश्मिका मंदाना ने Kirik Party से लोकप्रियता हासिल की और बाद में Pushpa: The Rise जैसी फिल्मों से पैन-इंडिया स्टार बन गईं। अब फैंस को इस स्टार कपल की शादी और रिसेप्शन की तस्वीरों का बेसब्री से इंतजार है।