Raja Saab Review: प्रभास की फिल्म पर फूटा सोशल मीडिया का गुस्सा, नेटिज़न्स बोले ‘अल्ट्रा डिजास्टर’

447

साउथ सुपरस्टार प्रभास लंबे इंतज़ार के बाद तेलुगु हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘द राजा साब’ (Raja Saab Movie ) के साथ बड़े पर्दे पर लौट आए हैं। मारुति के निर्देशन में बनी यह फिल्म 9 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। रिलीज के साथ ही फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। कई शहरों में अर्ली मॉर्निंग शोज हाउसफुल रहे और फैंस ने जश्न के साथ फिल्म का स्वागत किया।

हालांकि, पहले शो खत्म होते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कुछ दर्शकों ने फिल्म के अलग कॉन्सेप्ट और प्रभास की एनर्जी की तारीफ की, तो वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने इसकी कहानी, स्क्रीनप्ले और विजुअल इफेक्ट्स को लेकर नाराजगी जताई। पहले दिन की प्रतिक्रियाओं ने साफ कर दिया है कि ‘द राजा साब’ दर्शकों को दो हिस्सों में बांट रही है।

द राजा साब’ बजट
प्रभास की मारुति के डायरेक्शन में बनीं द राजा साब की एडवांस बुकिंग की चर्चा हर तरफ हो रही है। जहां 24 घंटे के अंदर टिकट बुकिंग में 357 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। वहीं द राजा साब को हिट होने के लिए 300 -400 करोड़ से ज्यादा की कमाई हासिल करनी होगी। फिल्म ने इंटरनेशनल मार्केट में एक हफ्ते की एडवांस बुकिंग में 2 मिलियन यूएसडी की कमाई हासिल की है। वहीं ओपनिंग डे पर 1.77 मिलियन यूएसडी की कमाई हासिल कर ली है।

क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की शुरुआत राजा प्रभास और उनकी दादी गंगम्मा (जरीना वहाब) से होती है। गंगम्मा अल्जाइमर से पीड़ित हैं, लेकिन अपने लापता पति कनकराजू (संजय दत्त) की याद आज भी उनके दिल में ज़िंदा है। हर दिन उन्हें उम्मीद रहती है कि उनका पति लौट आएगा। दादी की इसी अधूरी आस को पूरा करने के लिए राजा अपने दादा की तलाश में निकल पड़ता है।

यह तलाश राजा को हैदराबाद से होते हुए एक रहस्यमयी और कथित तौर पर भूतिया महल तक ले जाती है। इस महल से जुड़े हैं तंत्र-मंत्र, हिप्नोटिज़्म, लालच और अतीत के कई डरावने राज़। कागज़ पर कहानी दिलचस्प लगती है, लेकिन स्क्रीन पर आते-आते यह बिखर जाती है।

फिल्म बिना ठोस वजह के बार-बार लोकेशन बदलती है, किरदार अचानक आते-जाते रहते हैं और कहानी की दिशा साफ नहीं हो पाती। नतीजा यह होता है कि दर्शक अंत तक यही सोचता रह जाता है कि फिल्म असल में कहना क्या चाहती है।

सोशल मीडिया पर बंटी राय
X (पहले ट्विटर) पर फिल्म को लेकर तरह-तरह के रिव्यू सामने आए। यूजर शिवा कुमार ग्रांधी ने लिखा कि ‘द राजा साब’ एक अच्छी फिल्म है, जिसका सेटअप आम फिल्मों से अलग है। कुछ जगहों पर फिल्म धीमी जरूर है, लेकिन स्क्रीन पर प्रभास की एनर्जी इसे देखने लायक बनाती है।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

वहीं, फिल्म क्रिटिक अकाउंट Venky Reviews ने लिखा कि फिल्म का कॉन्सेप्ट दिलचस्प है और प्रभास का अभिनय दमदार है, लेकिन कमजोर और बिखरा हुआ स्क्रीनप्ले इसे थका देने वाला बना देता है। उनके मुताबिक, प्री-क्लाइमैक्स के कुछ सीन अच्छे हैं, लेकिन पुराने ढर्रे के कमर्शियल एलिमेंट्स दर्शकों की परीक्षा लेते हैं।

इसके उलट, यूजर naman. ने फिल्म को पूरी तरह नकारते हुए इसे “अल्ट्रा डिजास्टर” करार दिया। उन्होंने फिल्म को 1 स्टार देते हुए कहा कि कहानी बेहद कमजोर है और पूरी फिल्म बिना लॉजिक के खिंची हुई लगती है।

फिल्म से जुड़ी अहम जानकारी
करीब 300 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म में प्रभास के साथ मालविका मोहनन (तेलुगु डेब्यू), संजय दत्त, बोमन ईरानी, निधि अग्रवाल, रिद्धि कुमार और जरीना वहाब अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

अब जब फिल्म को लेकर वर्ड ऑफ माउथ साफ तौर पर बंटा हुआ है, तो इसका बॉक्स ऑफिस भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि वीकेंड पर न्यूट्रल ऑडियंस इसे किस तरह से अपनाती है। आने वाले दिनों में ही साफ हो पाएगा कि ‘द राजा साब’ प्रभास के करियर में एक बड़ी हिट साबित होती है या नहीं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।