– आरसेटी हनुमानगढ़ में 20 प्रतिभागियों को मिलेगा स्वरोजगार का प्रशिक्षण
हनुमानगढ़। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना (पीएमईजीपी) के अंतर्गत 10 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम (ईडीपी) का शुभारंभ गुरुवार को आरसेटी हनुमानगढ़ में किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें उद्योग स्थापना से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है।
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक आकाशदीप सिधू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता आरसेटी निदेशक बिधु शंकर ने की। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आरसेटी स्टाफ एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 20 प्रतिभागी शामिल किए गए हैं, जिन्हें आगामी 10 दिनों तक अनुभवी और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा उद्योग प्रबंधन, परियोजना रिपोर्ट तैयार करना, बैंकिंग प्रक्रिया, वित्तीय प्रबंधन, विपणन रणनीति एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को स्वरोजगार से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया जाएगा, जिससे वे प्रशिक्षण के पश्चात अपना स्वयं का उद्योग या व्यवसाय स्थापित कर सकें।
मुख्य अतिथि उद्योग केंद्र महाप्रबंधक आकाशदीप सिधू ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि जब आप अपना उद्योग स्थापित करते हैं, तो उससे न केवल स्वयं को रोजगार मिलता है, बल्कि अनेक अन्य लोगों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं, जिससे रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने जानकारी दी कि सरकार की इस योजना के तहत उद्योग शुरू करने पर 25 से 35 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान है, जिससे आर्थिक रूप से युवाओं को मजबूती मिलती है।
आरसेटी निदेशक बिधु शंकर ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि आरसेटी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को कौशल के साथ-साथ आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और इसका अधिकतम लाभ उठाएं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































