– राजस्थान रॉकेट बॉल टीम जंक्शन से रवाना, खिलाड़ियों में जोश
हनुमानगढ़। 13वीं सीनियर नेशनल रॉकेट बॉल प्रतियोगिता का आयोजन 6 से 8 फरवरी तक अमृतसर (पंजाब) में किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए राजस्थान रॉकेट बॉल एसोसिएशन की टीम हनुमानगढ़ जंक्शन से रवाना हुई। टीम की रवानगी के अवसर पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
राजस्थान टीम को कोच अमित सहारण एवं लखविंदर सिंह के कुशल निर्देशन में प्रतियोगिता के लिए तैयार किया गया है। दोनों कोचों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने लंबे समय से कठिन अभ्यास किया है और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। टीम में शामिल खिलाड़ियों ने बताया कि उन्होंने तकनीक, फिटनेस और रणनीति पर विशेष ध्यान दिया है।
टीम को अमृतसर के लिए रवाना करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेशाध्यक्ष अंकुश चौधरी एवं प्रदेश सचिव संजय सहारण भी विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल अनुशासन, मेहनत और टीम भावना से ही सफलता प्राप्त होती है।
मुख्य अतिथि मनीष मक्कासर ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने से खिलाड़ियों को अनुभव के साथ-साथ आत्मविश्वास भी मिलता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राजस्थान की टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और जिले का नाम रोशन करेगी।
प्रदेशाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सरकार और समाज दोनों को खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग करना चाहिए। प्रदेश सचिव संजय सहारण ने कहा कि रॉकेट बॉल जैसे खेलों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी सराहनीय है और भविष्य में यह खेल नई पहचान बनाएगा।
इस अवसर पर सुभाष देहरू,मुकेश चाहर ,जगतपाल सहारण सहित खेल प्रेमी, संघ पदाधिकारी एवं खिलाड़ियों के परिजन भी उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































