राजस्थान के फलोदी (rajasthan phalodi news) में रविवार शाम करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 2 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में एक ही परिवार के 7 सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसा भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर बापिणी उपखंड के मतोड़ा इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि टेम्पो ट्रेवलर ओवरटेक करते हुए सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में 4 बच्चे, 10 महिलाएं और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।
सभी श्रद्धालु जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र के रहने वाले थे और देवउठनी एकादशी पर बीकानेर के कोलायत स्थित कपिल मुनि आश्रम दर्शन करने गए थे। वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। सोमवार सुबह मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंपे जाएंगे।
हमें Youtube पर फॉलो करें
जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में मृतकों के परिजन बड़ी संख्या में पहुंचे, जहां कई लोग अपनों की लाशें देखकर बेहोश हो गए। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर सड़क जाम कर दिया, हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर धरना खत्म हुआ।

एडीएम अंजुम ताहिर ने बताया कि मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। जिन परिवारों में तीन या उससे अधिक लोगों की मौत हुई है, उन्हें 25 लाख रुपए तक मुआवजा मिलेगा। गंभीर रूप से घायलों को 2 लाख रुपए और प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































