शिक्षा विभाग बीकानेर की 30वीं 11 वर्षीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ

232

-मुख्य अतिथि संदीप गोदारा ने सरस्वती पूजन कर किया उद्घाटन, खिलाड़ियों में दिखा उत्साह
हनुमानगढ़।
 शिक्षा विभाग बीकानेर द्वारा आयोजित 30वीं 11 वर्षीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को चक 28 एल.एल.डब्ल्यू. स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में हुआ। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व जिला सह संयोजक संदीप गोदारा रहे। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में गांव व क्षेत्र के गणमान्य लोग, सरपंच प्रतिनिधि कुलदीप सिंह, सहकारी समिति के अध्यक्ष प्रतिनिधि लखवीर सिंह, वार्ड पंच भजनलाल बाजीगर, दयाराम भादू, रणजीत भादू, अमरीक सिंह बाजीगर, पवन वर्मा, राजेंद्र भादू, दलीप बाजीगर, विजय झिंझा, बद्री जाखड़, खेल संयोजक पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संदीप गोदारा ने कहा कि खेलकूद से विद्यार्थियों में न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन, आपसी सहयोग और संघर्ष की भावना भी पनपती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। खेलों के माध्यम से ग्रामीण अंचल से भी उत्कृष्ट खिलाड़ी निकलकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं।
सरपंच प्रतिनिधि कुलदीप सिंह ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं गांव के बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं और उनमें आत्मविश्वास भरती हैं। वहीं, सहकारी समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि लखवीर सिंह ने कहा कि ग्रामीण अंचल में छुपी प्रतिभाओं को निखारने का यह मंच साबित होगा।
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न खेलों में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बनता था। विद्यालय परिवार और आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई। खेल संयोजक पाल सिंह ने बताया कि आगामी दिनों में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल सहित कई प्रतिस्पर्धाएं आयोजित होंगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।