श्री गुरु रविदास जी महाराज का 649वां जन्मोत्सव

110

– 15 जनवरी से प्रभातफेरी, 31 जनवरी को नगरकीर्तन
हनुमानगढ़। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री गुरु रविदास जी महाराज का 649वां जन्मोत्सव/गुरुपर्व श्री गुरु रविदास सेवा समिति, हनुमानगढ़ जंक्शन के तत्वावधान में बड़ी श्रद्धा, आस्था एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर शहर में धार्मिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
सेवा समिति के अध्यक्ष रामपाल जाटव एवं सचिव विजय पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुपर्व के उपलक्ष्य में 15 जनवरी से प्रतिदिन अमृतवेले लड़ीवार प्रभातफेरी निकाली जा रही है, जो श्रद्धालुओं में गुरु महाराज के प्रति भक्ति भाव जागृत कर रही है। प्रभातफेरी में गुरु वाणी का गायन, शबद कीर्तन एवं जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो रहा है।
उन्होंने बताया कि 31 जनवरी को श्री गुरु रविदास जी महाराज का भव्य नगरकीर्तन आयोजित किया जाएगा, जो सुबह 10 बजे से सायं 4 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। नगरकीर्तन में गुरु महाराज की शोभायात्रा के साथ संगत द्वारा शबद कीर्तन किया जाएगा। इसी दिन शाम 7 बजे से गुरु रविदास जी महाराज की जागरण (जागों) का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
मुख्य समारोह 1 फरवरी को श्री गुरु रविदास गुरुघर, हनुमानगढ़ जंक्शन में आयोजित किया जाएगा। इस दिन सुबह गुरु महाराज की अमृतवाणी के पाठ आरंभ होंगे, जिसके उपरांत सत्संग एवं कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। सत्संग-कीर्तन में बाबा संतोख सिंह द्वारा कथा एवं कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर सरबत के भले की अरदास की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।