जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर 9 एम.एम.के के नौनिहाल

70

– नए कमरों व रसोई निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। 
तहसील संगरिया की ग्राम पंचायत किकरवाली स्थित चक 9 एम.एम.के के राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों ने गुरुवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र नए भवन निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 1995 में ग्रामवासियों के सहयोग से स्थापित इस विद्यालय में वर्तमान में 45 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन भवन की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है।
ग्रामीण शकील तंवर ने बताया कि विद्यालय में दो कक्ष, एक कार्यालय कक्ष और एक रसोईघर बना हुआ है, जो लगभग 30 वर्ष पुराने हैं। समय के साथ भवन की दीवारों और छतों में दरारें आ गई हैं तथा प्लास्टर झड़ रहा है। बरसात के मौसम में पानी टपकने से बच्चों और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि भवन की स्थिति ऐसी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे मासूम बच्चों की जान को खतरा बना हुआ है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक बसंत कुमार द्वारा पूर्व में ग्राम सचिव किकरवाली, खंड विकास अधिकारी संगरिया, सीबीईओ संगरिया तथा उपखंड अधिकारी संगरिया को भवन निर्माण के संबंध में पत्र लिखे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ज्ञापन में इन पत्रों की प्रतिलिपियां भी संलग्न की गई हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।