हनुमानगढ़ टाउन स्थित सेंट्रल पार्क में आज जिला कांग्रेस कमेटी एवं जिला स्तरीय सर्वोदय संगम के साथियों के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय संवाद एवं चरखा अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने की। कार्यक्रम में सर्वोदय संगम के सभी साथी, सर्वोदय संकल्प शिविरों के आयोजक, शिविरों में भाग ले चुके सर्वोदय साथी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम एक दिवसीय रहा, जिसमें प्रातः 11:00 बजे से 1:00 बजे तक संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान सर्वोदय संगम के उद्देश्यों, समाज में अहिंसा, सेवा और स्वावलंबन के महत्व पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके पश्चात 1:00 बजे से 2:00 बजे तक सभी प्रतिभागियों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई। दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक चरखा अभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें सभी उपस्थित साथियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने सर्वोदय संगम के माध्यम से समाज को अहिंसा, सत्य और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि चरखा केवल एक यंत्र नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और सामाजिक समानता का प्रतीक है।कार्यक्रम में सर्वोदय प्रशिक्षक प्रभारी विक्रम स्वामी के साथ विमल भाटी, विकास बुडानिया, अमृत गिल एवं विजेंद्र मेव भी उपस्थित रहे। इन सभी वक्ताओं ने संवाद सत्र में अपने विचार साझा किए तथा चरखा अभ्यास में भाग लेकर गांधीवादी मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सर्वोदय विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना रहा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































