-104 लोगों की आंखों की जांच, विशेषज्ञ टीम ने विभिन्न नेत्र रोगों की जांच कर दी स्वास्थ्य सलाह
हनुमानगढ़। गांव फतेहगढ़ खिलेरीबास के पंचायत घर में समाजसेवी एवं भामाशाह स्वर्गीय चौधरी भादर राम खिलेरी की पुण्यतिथि के अवसर पर ग्रामीणों द्वारा निःशुल्क नेत्रदान एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर ऑप्टिमा आई केयर, हनुमानगढ़ टाउन के तत्वाधान में आयोजित हुआ, जिसमें जनसेवा हॉस्पिटल, श्रीगंगानगर की चिकित्सा टीम ने भाग लेकर ग्रामीणों को नेत्र स्वास्थ्य से संबंधित सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर में मुख्य नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टर रणजीत बेनीवाल ने रोगियों की आंखों की जांच की और आंखों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में नवीनतम मशीनों की मदद से चश्मे के नंबर की जांच, आंखों के पर्दे (रेटिना) की जांच, आंखों की एलर्जी, मोतियाबिंद, नाखूना, ग्लूकोमा, कम दिखाई देना, आंख में पानी आना, आंख में मांस बढ़ना और पुतली से संबंधित रोगों की गहन जांच की गई। ग्रामीणों ने इस निःशुल्क सेवा का लाभ उठाते हुए अपनी आंखों का सम्पूर्ण परीक्षण करवाया।
शिविर का उद्घाटन गोशाला तहसील सचिव चौधरी सुरेंद्र खिलेरी एवं योग गुरु कुलदीप खिलेरी द्वारा किया गया। दोनों ने स्व. भादर राम खिलेरी की जनसेवा और समाज के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए यह शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि गांव व आसपास के क्षेत्रों में नेत्र रोगों के प्रति जागरूकता आवश्यक है, क्योंकि समय पर जांच होने से कई गंभीर समस्याओं को रोका जा सकता है।
इस निःशुल्क नेत्र शिविर में कुल 104 लोगों की आंखों की जांच की गई। आयोजन में खिलेरी परिवार के सदस्यों सहित स्थानीय ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग दिया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित होते रहना चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ उपचार और मार्गदर्शन उपलब्ध हो सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































