-भक्तों ने गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा लगाई, महाप्रसाद में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
हनुमानगढ़। छः दिवसीय दीपोत्सव के शुभ अवसर पर बुधवार को श्री संकट मोचन बालाजी धाम, सेक्टर नंबर 12 में श्री हनुमान जन कल्याण समिति के तत्वावधान में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट भोग महोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा, उत्साह एवं भक्ति भावना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:15 बजे पंडित विकास शर्मा द्वारा वेद मंत्रोच्चारण के साथ गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना से हुआ।
मुख्य यजमान के रूप में पूर्व पार्षद श्रीमती मंजू रणवा, श्रीमती रेनू गुप्ता, श्री अरुण अग्रवाल, धनुज रणवा, संजय गोयल एवं सज्जन बंसल ने संयुक्त रूप से गोवर्धन पर्वत का विधिवत पूजन किया। पूजा उपरांत भगवान श्रीकृष्ण एवं बालाजी महाराज को कड़ी, खिचड़ा, मिठाई, पापड़ आदि से बने अन्नकूट का भोग लगाया गया। इसके पश्चात सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
समिति महासचिव भारत भूषण कौशिक ने बताया कि दीपोत्सव के इस शुभ पर्व पर गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र का अभिमान दूर करने के लिए गोवर्धन पर्वत की पूजा का संदेश दिया था। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































