बाबा रामदेव मंदिर में गोवर्धन पूजा व भण्डारे का भव्य आयोजन’

107

’-सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद, मंदिर परिसर गूंजा जयकारों से’
हनुमानगढ़। दीपावली के अगले दिन बुधवार को बाबा रामदेव मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में परंपरागत गोवर्धन पूजा एवं भव्य भण्डारे का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। प्रातः काल से ही मंदिर परिसर में भक्तों का आगमन शुरू हो गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित भंवरलाल शर्मा के सानिध्य में मुख्य यजमान राजेश मिड्ढा, अतुल जैन द्वारा विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना से हुआ। पूजा के पश्चात बाबा रामदेव जी के जयकारों के बीच अन्नकूट का भोग लगाकर प्रसाद वितरण का शुभारंभ किया गया।
मीडिया प्रभारी साहिल मेहरा ने बताया कि बाबा रामदेव मंदिर में यह आयोजन वर्षों से निरंतर परंपरा के रूप में होता आ रहा है। दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व माना गया है, क्योंकि इस दिन भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत की पूजा कर इंद्र का अभिमान तोड़ा गया था। उसी भावना के अनुरूप श्रद्धालु हर वर्ष इस दिन भगवान को नई फसल एवं अन्न का भोग लगाकर कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।
पूजा उपरांत विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया, जिसमें कड़ी-खिचड़ा, पूरी, हलवा सहित विविध व्यंजनों का प्रसाद तैयार किया गया। मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। समिति के सदस्यों व स्थानीय नागरिकों ने भक्ति भाव से प्रसाद वितरण में सहयोग दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।