बाबा रामदेव मंदिर में माघ सुदी दशमी पर भव्य मेला होगा आयोजित

142

28 जनवरी को दिनभर रहेगा श्रद्धालुओं का सैलाब, शाम को होगी भव्य आरती
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित बाबा रामदेव मंदिर में माघ सुदी दशमी के पावन अवसर पर 28 जनवरी को भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इससे एक दिन पूर्व 27 जनवरी (गत रात्रि) की रात्रि को मंदिर परिसर में विशाल जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें बाबा रामदेव के भजनों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।
मेला समिति सदस्य पवन गर्ग एवं सोनू शेखावत ने जानकारी देते हुए बताया कि माघ सुदी नवमी जागरण के मुख्य यजमान आशु गोयल एवं जोनी सिंगला थे। जागरण में प्रसिद्ध भजन गायक साहिल मेहरा एंड पार्टी द्वारा बाबा रामदेव के भजनों का गुणगान किया। कलाकारों की सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहें।
समिति सदस्यों ने बताया कि 28 जनवरी माघ सुदी दशमी को प्रातः से ही बाबा रामदेव मंदिर में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा। दिनभर मेले का आयोजन रहेगा, जिसमें दूर-दराज से आए श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर मन्नतें मांगेंगे। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में मेले के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण बना रहेगा।
मेला आयोजन के अंतर्गत शाम 7 बजे बाबा रामदेव की भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि सभी भक्त शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन कर सकें।
इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक लाइट सजावट से सजाया गया है, जो मेले का विशेष आकर्षण रहेगी। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा बाबा रामदेव मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का अद्भुत केंद्र बन रहा है। समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मेले एवं जागरण में भाग लेने की अपील की है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।