हनुमानगढ़। पुलकित कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन में नव प्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागतार्थ आयोजित फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. चंद्रा गुरनानी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया, जिसके साथ ही पूरा परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नृत्य, समूह एवं एकल गायन, नाट्य प्रस्तुति और मंचीय कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। नव प्रवेशित छात्रों और वरिष्ठ विद्यार्थियों के बीच सौहार्द और सहयोग की भावना ने पूरे आयोजन को और भी जीवंत एवं यादगार बना दिया।
फ्रेशर पार्टी का मुख्य आकर्षण मिस फ्रेशर एवं मिस्टर फ्रेशर प्रतियोगिता रही, जिसमें प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संप्रेषण क्षमता और मंच कौशल के आधार पर अपने-अपने प्रदर्शन प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल के निर्णयानुसार मिस फ्रेशर का खिताब ज्योति इदलिया तथा मिस्टर फ्रेशर का खिताब विशाल को प्रदान किया गया। सम्मान वितरण के दौरान हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह के समापन अवसर पर प्राचार्या डॉ. चंद्रा गुरनानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन छात्रों में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती अल्का शर्मा, सहयोगी टीम तथा सभी संकाय सदस्यों के उत्कृष्ट सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































