– पंज प्यारों की अगुवाई में संगत ने किया गुरबाणी का गुणगान, नगर हुआ भक्तिमय
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब से आज शहीदी समागम के उपलक्ष्य में भव्य नगर कीर्तन श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाला गया। प्रातःकाल अरदास के पश्चात पंज प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन गुरुद्वारा परिसर से रवाना हुआ। नगर कीर्तन में गुरुद्वारा शाहिद बाबा दीप सिंह के प्रधान रंजीत सिंह बराड़, जरनैल सिंह मुत्ति, मास्टर सुरेंदर सिंह, सिंह सभा प्रधान नक्षत्र सिंह, मैनेजर राजेन्द्र सिंह, बलराज सिंह दानेवालिया, भोला सिंह, जोगेन्दर सिंह,बीबी परमजीत कौर, जसपाल सिंह, ढेरा सिंह, रंजीत सिंह टीटी, बख्तावर सिंह, गुरतेज सिंह,नवीन बाकोलिया, सुखवीर सिंह , तेरे भरोसे सहित बड़ी संख्या में संगत ने भाग लिया और पूरे मार्ग में गुरबाणी का गुणगान करते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
नगर कीर्तन निर्धारित मार्गों से गुजरता हुआ शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर संगत का स्वागत किया। श्रद्धालु हाथों में निशान साहिब लिए “वाहेगुरू” का जाप करते हुए चल रहे थे। कीर्तन जत्थों द्वारा शबद-कीर्तन प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक रंग में रंग गया। जगह-जगह सेवा भाव से शीतल जल, चाय व प्रसाद की व्यवस्था की गई।
गुरुद्वारा साहिब की प्रबंध समिति के मुख्य सेवादार रंजीत सिंह बराड़ ने बताया कि यह नगर कीर्तन शहीदी समागम के अंतर्गत आयोजित किया गया है। उन्होंने संगत से अपील की कि वे समागम के आगामी कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर भाग लें। मास्टर सुरेन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि एकोत्तरी पाठों का क्रम निरंतर जारी है और 1 मार्च को विशाल समागम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए विशेष अरदास की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































