विश्वकर्मा पूजा दिवस पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा

161

-सामाजिक समरसता न्याय मंच ने बांटी जिम्मेदारियां, औजार पूजन समारोह की तैयारी पूरी
हनुमानगढ़। सामाजिक समरसता न्याय मंच (राजस्थान) की बैठक मंगलवार को मंच अध्यक्ष रामप्रताप भाट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 17 सितम्बर 2025, बुधवार को विश्वकर्मा पूजा दिवस के अवसर पर मंच की ओर से भव्य शोभायात्रा एवं औजार पूजन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर मंच के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में बताया गया कि यह आयोजन मूल ओबीसी जागृति मिशन के अंतर्गत किया जा रहा है। समाज के कामगार वर्ग की एकता और पहचान को मजबूत करने के उद्देश्य से यह शोभायात्रा पूरे शहर में भ्रमण करेगी और विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु इसका स्वागत करेंगे। औजार पूजन समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें कामगार बंधु अपने-अपने उपकरणों का पूजन कर भगवान विश्वकर्मा से सुख, समृद्धि और सफलता की कामना करेंगे।
17 सितम्बर को प्रातः 10 बजे शोभायात्रा की शुरुआत श्री विश्वकर्मा मंदिर, इंदिरा चौक टाउन से होगी। इसके बाद यात्रा धान मंडी से होते हुए मिस्त्री मार्केट पहुंचेगी। वहां से टिब्बी रोड होते हुए टाउन सेंट्रल पार्क और फिर भारत माता चौक से जंक्शन राजीव चौक जाएगी। यात्रा आगे बस स्टैंड से होकर ऑवरब्रिज, अम्बेडकर सर्किल और अंत में सेक्टर 12 स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर जंक्शन पहुंचेगी, जहां मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा।
बैठक में मंच अध्यक्ष रामप्रताप भाट ने कहा कि विश्वकर्मा पूजा दिवस श्रमिक और कामगार वर्ग की अस्मिता से जुड़ा हुआ पर्व है। इस दिन औजारों की पूजा कर परिश्रम और कर्मशीलता की महत्ता को याद किया जाता है। उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि वे इस रैली को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग करें। बैठक में मंच के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज के बीच जागरूकता, एकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। मंच ने सभी कामगार बंधुओं से आग्रह किया कि वे अपने परिवार सहित इस शोभायात्रा में शामिल होकर विश्वकर्मा भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।