सिख श्रद्धालुओं का जत्था निकला ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन पर

204

– हनुमानगढ़ से रवाना हुआ 60 सदस्यीय जत्था, अनेक पवित्र स्थलों का करेगा भ्रमण
हनुमानगढ़।
 स्थानीय सिख समुदाय द्वारा ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के दर्शन हेतु मंगलवार को 60 श्रद्धालुओं का जत्था हनुमानगढ़ जंक्शन एवं टाउन के विभिन्न गुरुद्वारों से श्रद्धा और भक्ति के साथ रवाना हुआ। यह धार्मिक यात्रा सिख परंपरा और आस्था के प्रतीक स्थानों के दर्शन हेतु आयोजित की गई है, जिसमें नगर के प्रमुख गुरुद्वारों की संगतों ने भागीदारी निभाई।
मुख सेवादार भाई निर्मल सिंह ने बताया कि यह जत्था सिख इतिहास और धर्म से जुड़े अनेक पूजनीय स्थलों के दर्शन करेगा। यात्रा की शुरुआत हनुमानगढ़ से हुई और जत्था सबसे पहले सिरसा स्थित चिल्ला साहब जाएगा। इसके पश्चात यह टोहाना के धमधान साहब, केन्थल नीम साहब, पेहोवा में गुरुनानक साहिब गुरुद्वारा, कुरुक्षेत्र स्थित पातशाही छठवीं, पोहंटा साहब गुरुद्वारा, पटियाला के प्रसिद्ध दुख निवारण गुरुद्वारा, परमेश्वर द्वार, लखनौर साहब और पंजोखरा साहब समेत अन्य धार्मिक स्थलों का दर्शन करेगा।
जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का विशेष भाव देखने को मिला। उन्होंने बताया कि यह यात्रा न केवल धार्मिक अनुभव है, बल्कि सिख इतिहास, गुरु परंपरा और गुरबाणी से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। श्रद्धालुओं का कहना था कि इन स्थलों पर जाकर उन्हें आत्मिक शांति और आध्यात्मिक बल की अनुभूति होती है।
इस धार्मिक जत्थे में गुरुद्वारा विचित्र सिंह, गुरुद्वारा कलगीधर सुरेशिया, बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा, पक्काभादवा, सतीपुरा सहित अन्य इलाकों की संगतों ने भाग लिया। गुरुद्वारों में अरदास कर जत्थे को रवाना किया गया, जहाँ नगर की संगतों ने उन्हें प्रेम और सेवा भाव से विदा किया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।