– राष्ट्रीय युवक परिषद ने जिला परिवहन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, दिन में ट्रॉलियों के संचालन पर रोक लगाने की मांग
हनुमानगढ़। जिले में इन दिनों पराली से भरी ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। इसी गंभीर समस्या को लेकर राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष एवं संभागीय प्रभारी प्रवीण जैन ने जिला परिवहन अधिकारी को एक लिखित ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल प्रभाव से उचित कार्रवाई की मांग की है। परिषद ने बताया कि हनुमानगढ़ से सरदारशहर, सूरतगढ़, संगरिया और श्रीगंगानगर मार्गों पर पराली ढोने वाली ओवरलोड ट्रॉलियों का संचालन लगातार बढ़ता जा रहा है। इन ट्रॉलियों के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे दैनिक आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि हनुमानगढ़ टाउन में भारत माता चौराहा और टाउन ओवरब्रिज क्षेत्र में तो स्थिति और भी चिंताजनक है। यातायात थाना हनुमानगढ़ टाउन के बिलकुल सामने ही ओवरलोड ट्रॉलियों का जमावड़ा बना रहता है, जिससे यह समझा जा सकता है कि अन्य मार्गों पर हालात कितने खराब होंगे। ओवरटेक के चक्कर में कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, जबकि घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जाम के कारण काफी देरी हो जाती है। परिषद के अनुसार कई बार इस देरी का परिणाम अप्रत्याशित रूप से गंभीर साबित हुआ है।
प्रवीण जैन ने कहा कि यह स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने परिवहन विभाग की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी समस्या होने के बावजूद विभाग मौन है, जबकि क्षेत्रीय जनता भारी परेशानी झेल रही है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि पराली से भरी ट्रॉलियों का दिन में संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए तथा उन्हें केवल रात्री में चलने की अनुमति दी जाए, ताकि सड़क पर यातायात सुचारू रूप से चलता रहे और दुर्घटनाओं के खतरे कम हों। इस मौके पर प्रवीण जैन, राकेश त्यागी, राजपाल नोखवाल, कुरडाराम, सचिन त्यागी, भंवर सिंह राठौड़, दलीप सुथार, संजीव शास्त्री, संदीप गर्ग, सचिन त्यागी, जितेंद्र छाबड़ा, रंजीत शर्मा, विपिन उपवेजा व अन्य सदस्य मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































