श्री करणी माता की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

65

हजारों श्रद्धालुओं ने निकाली कलश यात्रा, 22 से 28 फरवरी तक होगी कथा
हनुमानगढ़। शहर में रविवार को आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब श्री करणी माता मन्दिर से नई धान मंडी, हनुमानगढ़ जंक्शन तक श्री करणी माता जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हजारों की संख्या में सर्व समाज की महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बच्चियां इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। भक्तों ने जयकारों के बीच पालकी को कंधों पर उठाया और माता की कथा को सिर पर धारण कर श्रद्धा व्यक्त की।
शोभायात्रा के दौरान महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से आगे बढ़ती नजर आईं। डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते माता रानी का गुणगान करते रहे। पूरा मार्ग “जय करणी माता” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जिससे वातावरण और भी भक्तिमय हो गया।
इस कलश यात्रा का आयोजन ग्लोबल पीस फाउंडेशन के तत्वावधान में किया गया। आयोजनकर्ता मेघराज सिंह जी रॉयल ने बताया कि पूरे भारत में यह 127वीं कथा है, जो हनुमानगढ़ में आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि कथा का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है।
नई धान मंडी पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने माता से सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। आयोजकों के अनुसार कथा का आयोजन 22 फरवरी से 28 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जिसमें धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं को करणी माता की महिमा और जीवन प्रसंगों का रसपान कराया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।