श्री गुरु रविदास महाराज की हजूरी में निकला श्री गुरु रविदास जी महाराज का विशाल नगर कीर्तन

96

– भक्ति, श्रद्धा और शबद कीर्तन से गूंजा हनुमानगढ़ जंक्शन
हनुमानगढ़। 
श्री गुरु रविदास जी महाराज के 649वें जन्मोत्सव/गुरुपर्व के पावन अवसर पर आज श्री गुरु रविदास सेवा समिति, हनुमानगढ़ जंक्शन के तत्वावधान में गुरु घर से श्री गुरु रविदास महाराज की हजूरी में भव्य एवं विशाल नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूhरा शहर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया।
नगर कीर्तन का शुभारंभ सुबह गुरु घर से किया गया, जहां गुरु महाराज की पावन ज्योति के साथ शोभायात्रा आगे बढ़ी। इस दौरान संगत द्वारा गुरु वाणी का मधुर गायन, शबद कीर्तन एवं जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। नगर कीर्तन शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं धार्मिक स्थलों से होकर गुजरा, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
सेवा समिति के अध्यक्ष रामपाल जाटव एवं सचिव विजय पाल ने बताया कि गुरु रविदास जी महाराज का जीवन मानवता, समानता, प्रेम और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। नगर कीर्तन के माध्यम से गुरु महाराज की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि नगर कीर्तन में पुरुषों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और अधिक बढ़ गई।
नगर कीर्तन के दौरान संगत के लिए जगह-जगह जलपान एवं शरबत की व्यवस्थाएं की गई थीं। शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति के स्वयंसेवकों के साथ-साथ प्रशासन का भी सहयोग रहा। नगर कीर्तन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
समिति पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि जन्मोत्सव के तहत आगामी कार्यक्रमों की श्रृंखला भी जारी रहेगी। 1 फरवरी को श्री गुरु रविदास गुरुघर, हनुमानगढ़ जंक्शन में मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सुबह गुरु महाराज की अमृतवाणी के पाठ, सत्संग एवं कीर्तन होंगे। सत्संग-कीर्तन में बाबा संतोख सिंह द्वारा कथा एवं कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर सरबत के भले की अरदास की जाएगी, जिसके पश्चात गुरु का अटूट लंगर बरतेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।