हनुमानगढ़। कांग्रेस पार्टी द्वारा 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित की जा रही विशाल महारैली को लेकर हनुमानगढ़ जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला प्रभारी पूसाराम गोदारा, पदाधिकारी, बीएलए तथा विभिन्न ब्लॉकों से आए कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में जिले से महारैली में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या, यात्रा व्यवस्था तथा बूथ स्तर पर की जा रही तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस की ‘दिल्ली महारैली’ लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और एसआईआर जैसे मुद्दों को जनता तक सही रूप में पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र से लगभग 2500 से 3000 कार्यकर्ता रैली में शामिल होंगे। मक्कासर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर (Standardization of Voter Identification) को लेकर कांग्रेस गांव-गांव और ढाणी-ढाणी में कार्यशालाएं आयोजित कर रही है। उनका कहना था कि केन्द्र सरकार की नीतियों के कारण गरीब एवं काम की तलाश में विस्थापित होकर रहने वाले परिवारों के नाम मतदाता सूची से गायब होने की सबसे अधिक संभावना है। उन्होंने बीएलए को विशेष रूप से निर्देश दिया कि ऐसे परिवारों की पहचान कर उनके नाम मतदाता सूची में बने रहें, इसके लिए आवश्यक फॉर्म भरवाए जाएं। जिला प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव पूसाराम गोदारा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली महारैली सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक मजबूती के लिए बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। गोदारा ने बताया कि जिलेभर में कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाया जा रहा है और रैली में शांति, अनुशासन तथा एकजुटता के साथ पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। विधायक विनोद गोठवाल ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को संरक्षित रखने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एसआई आर को लेकर फैली गलतफहमियों को दूर करना जरूरी है, क्योंकि इससे सबसे अधिक प्रभावित कम आय वर्ग, प्रवासी मजदूर और असंगठित क्षेत्र से जुड़े परिवार हो सकते हैं। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रत्येक गांव में जाकर लोगों को जागरूक करें और मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया में सहयोग करें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































