-महिलाओं के अधिकारों के हनन व अत्याचारों के खिलाफ जनवादी महिला समिति की बैठक
हनुमानगढ़।अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की बैठक जंक्शन के लाल चौक पर जिलाध्यक्ष संगीता देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के अधिकारों के हनन और बढ़ते अत्याचारों के खिलाफ आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से पदयात्रा निकालने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष कमला मेघवाल ने कहा कि आज भी समाज में महिलाओं को समान अधिकार और सम्मान नहीं मिल पा रहा है। देशभर में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार, उत्पीड़न और भेदभाव की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को जागरूक करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जनवादी महिला समिति द्वारा पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा जंक्शन ओवरब्रिज के नीचे स्थित लोड-अनलोड मजदूर यूनियन सीटू के कार्यालय से शुरू होगी। इसके बाद यह पदयात्रा जंक्शन बाजार के प्रमुख मार्गों से होते हुए भगत सिंह चौक पर पहुंचकर संपन्न होगी। पदयात्रा के माध्यम से आमजन को महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा और महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसके लिए ठोस प्रयास करने की आवश्यकता है। शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में महिलाओं को बराबरी के अवसर मिलें, इसके लिए सरकार और समाज दोनों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने महिलाओं से भी संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आने का आह्वान किया।
बैठक में पदयात्रा को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी कार्यकर्ताओं को सौंपी गईं। साथ ही अधिक से अधिक महिलाओं को इस कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष संगीता मंडल, जिला सचिव सर्वजीत कौर, प्रियंका, रणजीत कौर, सीमा वर्मा, निर्मला, चंद्रकला, कमला मेघवाल, कामरेड रामेश्वर वर्मा, कामरेड रघुवीर वर्मा, कामरेड शेर सिंह शाक्य, कामरेड सुरेश कुमार जोडकिया, कामरेड ओम स्वामी, कामरेड प्रहलाद मरुआ, कामरेड शिवकुमार, कामरेड गुरप्रेम सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































