– शहीद बाबा सुखा सिंह, शहीद बाबा महताब सिंह की स्मृति में पांच प्यारों की अगुवाई में होगा ऐतिहासिक आयोजन
हनुमानगढ़। टाउन की पंथक सेवा समिति,गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह शहीद बाबा मेहताब सिंह के द्वारा दिनांक 17 जनवरी 2026 को एक विशाल एवं भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। यह नगर कीर्तन पूर्ण श्रद्धा, अनुशासन और गुरु मर्यादा के साथ पांच प्यारों की अगुवाई में निकाला जाएगा। इस पावन आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह शहीद बाबा मेहताब सिंह में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता गुरुद्वारा के मुख्य सेवादार बाबा जग्गा सिंह ने की।बैठक में नगर कीर्तन को ऐतिहासिक व भव्य स्वरूप देने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं हेतु संगत के सेवादारों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा नगर कीर्तन का विस्तृत रूट भी तय किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा के मुख्य सेवादार बाबा जग्गा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह नगर कीर्तन महान शहीद बाबा सुखा सिंह एवं बाबा मेहताब सिंह की पावन स्मृति में निकाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहीद बाबा सुखा सिंह और शहीद बाबा मेहताब सिंह ने गुरु की पवित्र धरती श्री अमृतसर साहिब को अपवित्र करने वाले अत्याचारी मस्सा रंगड़ को दंडित कर गुरु मर्यादा की रक्षा की थी। उस अत्याचारी मस्सा रंगड़ का सिर कलम कर वे हनुमानगढ़ होते हुए बूढ़ा जोड़ की पावन धरती तक पहुंचे थे। उन्हीं महान शहीदों की शहादत और बलिदान को स्मरण करते हुए यह विशाल नगर कीर्तन आयोजित किया जा रहा है।नगर कीर्तन प्रातः सुबह 7रू00 बजे गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह शहीद बाबा मेहताब सिंह, हनुमानगढ़ टाउन से आरंभ होगा और विभिन्न गांवों से होता हुआ बूढ़ा जोड़ के पवित्र स्थान पर संपन्न होगा। नगर कीर्तन के पड़ावों में रामसरा नारायण, फतेहगढ़ कालीबंगा, पीलीबंगा, लखमीसर,भारेवाली ढाणी,ढाबा झालार, भागवानसर,रिडमलसर तथा चक 32 एमएल प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस पावन नगर कीर्तन में प्रसिद्ध रागी जत्थे, ढाडी जत्थे, कविशरी जत्थे एवं कथावाचक गुरु इतिहास का गुणगान कर संगत को निहाल करेंगे। क्षेत्र की समस्त साध-संगत से विनम्र अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पवित्र समागम में शामिल हों और गुरु की खुशियां प्राप्त करें। बैठक में प्रमुख रूप से प्रधान गुरबुटा सिंह बराड़, उपप्रधान जगदीप सिंह, बाबा मंगल सिंह (गुरमत विद्यालय श्रीनगर), बाबा हरजिंद्र सिंह (हजूरी कथावाचक, श्री दमदमा साहिब), जगमीत सिंह, बाबा दयाल सिंह, जगसीर जटाना सहित अनेक सेवादार उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































