एथनॉल फैक्ट्री के विरोध में 10 दिसंबर को टिब्बी में विशाल जनसभा

298

कांग्रेस नेताओं ने कहा—जनता की आवाज दबा रही है सरकार, आंदोलन होगा और तेज
हनुमानगढ़। टिब्बी क्षेत्र में आमजन और किसानों के कड़े विरोध के बावजूद सरकार एवं प्रशासन द्वारा एथनॉल फैक्ट्री स्थापित किए जाने की तैयारियों ने स्थानीय लोगों में रोष और बढ़ा दिया है। इसी मुद्दे को लेकर क्षेत्रवासियों व किसान संगठनों द्वारा 10 दिसंबर को विशाल जनसभा आयोजित की जा रही है। जनसभा को सफल बनाने के लिए मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर और विधायक अभिमन्यु पूनिया टिब्बी पहुंचे, जहां उन्होंने आमजन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में उपस्थित रहने का आह्वान किया। उनके साथ गुरलाल मान, सुभाष मक्कासर व रणवीर नायक भी मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार जनता की आवाज से चलती है, लेकिन प्रदेश में भाजपा सरकार जनभावनाओं को कुचलने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जनता लगातार विरोध कर रही है, ज्ञापन सौंप रही है, लेकिन बावजूद इसके प्रशासन एथनॉल प्लांट लगाने पर अड़ा हुआ है। यह रवैया जनता के अधिकारों का खुला उल्लंघन है। मक्कासर ने कहा कि टिब्बी के हजारों ग्रामीण फैक्ट्री के संभावित दुष्प्रभाव को लेकर चिंतित हैं। किसानों का कहना है कि एथनॉल प्लांट से भूजल, हवा और खेती पर गंभीर असर पड़ेगा। बावजूद इसके सरकार “गद्दीदारों और पूंजीपतियों” के हित साधने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि जनता चीख-चीखकर विरोध जता रही है, लेकिन सत्ता पक्ष निजी स्वार्थ में आमजन का जीवन दांव पर लगा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी स्थिति में सहन नहीं करेगी।
विधायक अभिमन्यु पूनिया ने भी कहा कि टिब्बी क्षेत्र कृषि प्रधान है और यहां की समृद्धि खेती पर निर्भर है। यदि एथनॉल फैक्ट्री स्थापित होती है तो पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ने के साथ-साथ किसानों की आजीविका पर बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए ग्रामीणों की आवाज को अनसुना कर रही है, लेकिन कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है और हर स्तर पर संघर्ष करेगी। नेताओं ने कहा कि 10 दिसंबर की जनसभा इस आंदोलन की दिशा तय करेगी। जनसभा में किसानों, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों की बड़ी भागीदारी होने की संभावना है। कांग्रेस नेताओं ने चेताया कि यदि सरकार ने जनता की भावनाओं का सम्मान नहीं किया तो विरोध और उग्र रूप लेगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भी एकजुट होकर जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।