गौशाला प्रांगण में होगा दुर्लभ सत्संग का भव्य आयोजन

151

-23 अगस्त को निकलेगी कलश यात्रा, 24 से 30 अगस्त तक स्वामी विजयानंद गिरि जी देंगे प्रवचन
हनुमानगढ़। श्री गौशाला सेवा समिति अबोहर रोड हनुमानगढ़ जंक्शन की ओर से 24 अगस्त से 30 अगस्त तक दुर्लभ सत्संग का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान जंक्शन स्थित गौशाला प्रांगण में संपन्न होगा। आयोजन से पूर्व 23 अगस्त को शाम 4 बजे विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
समिति अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया ने जानकारी दी कि इस दिव्य सत्संग में परमश्रद्धेय स्वामी श्री विजयानंद गिरि जी महाराज, ऋषिकेश वाले, प्रवचन करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की विशेषता यह होगी कि प्रतिदिन दो सत्रों में धार्मिक आयोजन होंगे। दोपहर 3 से 4 बजे तक भजन संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्त मंडलियां भक्तिरस से वातावरण को सराबोर करेंगी। इसके बाद सायं 4 से 6 बजे तक स्वामी श्री विजयानंद गिरि जी महाराज के दुर्लभ व दिव्य प्रवचन होंगे। 23 अगस्त को निकलने वाली कलश यात्रा गौशाला प्रांगण स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर से आरंभ होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु कलश लेकर गौमाता की परिक्रमा करेंगे और पुनः कथा स्थल पर पहुंचकर यात्रा का समापन होगा। इस दौरान भक्तगण भजन-कीर्तन करते हुए उत्साह और आस्था का माहौल बनाएंगे। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। कथा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे और गौशाला परिसर में भक्ति भावना से ओतप्रोत वातावरण निर्मित होगा। इन्द्र हिसारिया ने समस्त नगरवासियों व आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन का लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वामी श्री विजयानंद गिरि जी महाराज के प्रवचन आत्मकल्याण के साथ-साथ समाज को भी एक नई दिशा देंगे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।