101 बेटियों संग मनाई अनोखी दीपावली

140

हनुमानगढ़ टाउन के मुखर्जी नगर स्थित सरकारी स्कूल में लायंस क्लब हनुमानगढ़ सिटी द्वारा दीपावली का आयोजन एक प्रेरणादायक और भावनात्मक रूप में किया गया। कार्यक्रम में बेटियों के साथ दीप जलाकर, मिठाई और पटाखे वितरित कर दीपावली मनाई गई। यह पर्व सेवा, संस्कार, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम बन गया। क्लब के अध्यक्ष लायन नितिन खदरिया ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से समाजसेवी राजेश दादरी की प्रेरणा से क्लब द्वारा बेटियों के साथ सभी त्योहार मनाने की परंपरा बनाई गई है। इसी श्रृंखला में इस वर्ष 101 बेटियों को मिठाई और पटाखे वितरित कर दीपावली मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान बेटियाँ बेहद उत्साहित और खुश नजर आईं उनके चेहरों पर मुस्कान ही इस दीपावली की सबसे सुंदर रौशनी थी। विशिष्ट अतिथि लायन राधाकृष्ण सिंगला ने कहा कि बेटियाँ हमारे समाज की वास्तविक लक्ष्मी हैं, उनके चेहरों पर खुशी लाना ही सच्चा उत्सव है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और स्नेह की भावना को और गहरा करते हैं। मुख्य अतिथि जॉन चेयरपर्सन लायन महक गर्ग ने कहा कि लायंस क्लब द्वारा बेटियों के साथ दीपावली मनाने की यह परंपरा समाज को यह संदेश देती है कि सेवा और संवेदना ही सच्ची राष्ट्रसेवा है। उन्होंने आगे कहा, “जब हम बेटियों के चेहरों पर वह निश्छल मुस्कान देखते हैं, तो भीतर से एक असीम संतोष और खुशी का अनुभव होता है — वही भाव असली दीपावली का प्रकाश है।” वरिष्ठ सदस्य लायन डॉ. वी. एस. तिवाड़ी ने बताया कि दीपावली के इस शुभ अवसर पर बेटियों के साथ भारतीय संस्कृति, सेवा भाव और राष्ट्रभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। उन्होंने बताया कि ‘राष्ट्रध्वज राष्ट्र सम्मान’ मुहिम के अंतर्गत आज 2218 वां ध्वजारोहण भी किया गया। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के उद्घघोषों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।