अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई का बिश्नोई समाज ने किया भव्य स्वागत

142

– जिले में बढ़ रहे अवैध चिट्टा कारोबार पर रोक लगाने की मांग — युवाओं के भविष्य की सुरक्षा पर जोर
हनुमानगढ़। जिले में नव पदस्थापित अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई के पदभार ग्रहण करते ही सोमवार को बिश्नोई समाज के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने माला पहनाकर एवं पारंपरिक पगड़ी पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस स्वागत समारोह का नेतृत्व समाज सेवी संतोष बिश्नोई ने किया।
स्वागत के दौरान उपस्थित लोगों ने हनुमानगढ़ जिले की कानून व्यवस्था, सामाजिक परिस्थितियों तथा सीमावर्ती इलाके की विशेष चुनौतियों से नव नियुक्त एडीशनल एसपी को अवगत कराया। समाज प्रतिनिधियों ने बताया कि पाकिस्तान सीमा से कुछ दूरी पर स्थित होने के कारण हनुमानगढ़ जिले में अवैध नशे, विशेषकर चिट्टा और नशावर्धक पदार्थों की तस्करी तेज रफ्तार से बढ़ रही है। उनके अनुसार नशे का यह काला कारोबार जिले के युवा वर्ग को गहरे दलदल में धकेल रहा है, जिससे कई परिवार बर्बादी और सामाजिक विघटन के संकट से गुजर रहे हैं।
संतोष बिश्नोई ने कहा कि पुलिस प्रशासन की सक्रियता के कारण भारी मात्रा में नशे पर करवाई की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक के रूप में अरविंद बिश्नोई का अनुभव और कार्यशैली जिले में नशा तस्करी, अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर निर्णायक प्रहार करने में मददगार साबित होगी।
अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई ने समाज के इस सम्मान और विश्वास के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और नशा तस्करी के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस अवसर पर संतोष बिश्नोई, अजय कुमार सिंवर, सुरेंदर सिंवर, ओम सारस्वत, विजयपाल भाम्भू, दीपक खाती और महेंद्र पूनिया सहित समाज के कई सदस्य मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।