-डीटीओ कार्यालय के बाहर परिवहन मंत्री का पुतला फूंका, मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर चेतावनी
हनुमानगढ़। व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया जिला मुख्यालय पर बंद किए जाने के विरोध में परिवहन व्यवसायियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। गुरुवार को तीसरे दिन ट्रक यूनियन, यातायात जन सेवा सलाहकार समिति, टैक्सी यूनियन, टेंपो यूनियन एवं बस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में डीटीओ कार्यालय हनुमानगढ़ के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य के परिवहन मंत्री का पुतला फूंककर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ट्रक, बस, टैक्सी और टेंपो संचालक उपस्थित रहे। यातायात सलाहकार जन सेवा समिति अध्यक्ष मंगल सिल्लू ने कहा कि विभागीय आदेश के तहत अब व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस के लिए 350 किलोमीटर दूर एटीएस केंद्र जाना अनिवार्य कर दिया गया है, जो हनुमानगढ़ के वाहन मालिकों के साथ अन्याय है। उनका कहना है कि एक वाहन की फिटनेस करवाने में 20 से 30 हजार रुपये तक का खर्च आ रहा है। इसके अलावा रास्ते में पड़ने वाले सभी टोल प्लाजा पर शुल्क देना पड़ता है, ऑनलाइन चालान का खतरा रहता है तथा डीजल पर अतिरिक्त खर्च होता है।
ट्रक यूनियन प्रधान जुगल किशोर राठी व लीलाधर शर्मा ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर फिटनेस की सुविधा बंद कर परिवहन व्यवसायियों को आर्थिक रूप से कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पूर्व की भांति जिला मुख्यालय पर ही फिटनेस जांच की व्यवस्था बहाल की जाए। साथ ही वार्षिक कर निर्धारित अवधि में ही जमा कराने तथा ओवरलोड वाहनों एवं अनाधिकृत ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग भी दोहराई गई।
प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी करते हुए परिवहन मंत्री के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया और प्रतीकात्मक रूप से उनका पुतला दहन किया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
परिवहन व्यवसायियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन आमजन और परिवहन व्यवस्था के हित में है। उन्होंने सरकार से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की, अन्यथा चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रखने की बात कही।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































