-सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने व निष्पक्ष जांच की सिख संगत ने की मांग
हनुमानगढ़। मंडी गोलूवाला स्थित गुरुद्वारा मेहताबगढ़ साहिब में गोलक चोरी व गबन के गंभीर आरोपों को लेकर सिख संगत के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। ज्ञापन में संगत की ओर से आरोप लगाया गया कि पूर्व में गुरुद्वारा साहिब पर आधी रात को हमला कर जबरन कब्जा करने की घटना हुई थी, जिसमें मासूम बच्चों व बुजुर्गों पर भी कथित रूप से जानलेवा हमले किए गए। इस प्रकरण में करीब 22 आरोपी जेल में बताए गए हैं, जबकि कुछ नामजद आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन में बताया गया कि घटना के बाद गुरुद्वारा साहिब में रिसीवर नियुक्त किया गया तथा थाना गोलूवाला के एसएचओ को रिसीवर बनाया गया। संगत का आरोप है कि रिसीवर नियुक्ति के बावजूद गुरुद्वारा का प्रबंधन अप्रत्यक्ष रूप से हमले के नामजद आरोपियों के हाथों में चला गया, जिसके बाद गोलक से कथित रूप से लूट, चोरी और गबन शुरू हो गया। आरोप है कि गोलक के ऊपर चादर डालकर श्रद्धालुओं का चढ़ावा अंदर जाने से रोका गया और बाद में राशि निकाली गई।
सिख संगत ने अपने आरोपों के समर्थन में गुरुद्वारा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व तस्वीरें होने का दावा किया है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि गोलक से निकाली गई राशि के बंटवारे को लेकर विभिन्न व्यक्तियों के नाम लिए जा रहे हैं। संगत ने इसे सरकारी देखरेख की आड़ में किया जा रहा गंभीर अपराध बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
ज्ञापन में पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया गया कि सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए जाएं, ताकि कोई साक्ष्य नष्ट न हो सके। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई, ताकि गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा बहाल हो और कथित लूट पर रोक लग सके। इस मौके पर बीबी हरमीत कौर खालसा, प्रधान एकनूर खालसा फौज शिवचरण सिंह बुगलांवाली,बाबा जग्गा सिंह,भाई छिन्दा सिंह हनुमानगढ़, सरपंच रमनदीप कौर, प्रविन्द्र सिंह गोलूवाला, सुखदेव सिंह धरंगिआंवाली, बलदेव सिंह, अमृतपाल सिंह, बलकरण सिंह करनी, गुरप्रीत सिंह, निरंजन सिंह, तरसेम सिंह 10ff, जसमीत सिंह कोठी, अंग्रेज सिंह लालगड़िया, हरभजन सिंह, नछतर सिंह मिस्त्री, सतपाल सिंह, परमजीत सिंह मांगट, कुलविंदर सिंह, संतोख सिंह, गुरदयाल सिंह रामाणा, केवल सिंह खालसा, राज सिंह बराड़,वीर सिंह भोलेवाला, हरजिंदर सिंह खालसा, अजैब सिंह बराड़, नायब सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख संगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर जांच का आश्वासन दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































