अमन को भारतीय वायुसेना में मिला सीधा प्रवेश, विद्यालय ने किया सम्मानित

122

-पाँच वर्षीय रबानी और सुमायरा ने स्केटिंग में जीते गोल्ड-सिल्वर पदक, स्कूल परिसर में हुआ प्रेरणादायक सम्मान समारोह
हनुमानगढ़। सरस्वती कॉन्वेंट स्कूल में मंगलवार को एक प्रेरणादायक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। यह समारोह विद्यालय परिसर स्थित मकून्स पार्क में उत्साह और गर्व से भरे माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे विद्यालय के पूर्व छात्र अमन खान, जिन्होंने फुटबॉल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय व जिले का नाम देशभर में रोशन किया।
अमन खान ने वर्ष 2019 में उदयपुर स्थित जिंक फुटबॉल एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त किया था। इसके पश्चात उन्होंने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वर्ष 2025 में डुरंड कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने के बाद उन्हें वर्ष 2024 में भारतीय वायुसेना (इंडियन एयर फोर्स) में खेल कोटे से डायरेक्ट एंट्री (सीधा प्रवेश) प्राप्त हुआ। अमन की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ पूरा जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्ले विंग मकून्स की नन्ही छात्राएँ रबानी (5 वर्ष) और सुमायरा (5 वर्ष) ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। दोनों बालिकाओं ने हाल ही में आयोजित जिला स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में क्रमशः गोल्ड एवं सिल्वर मेडल जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। समारोह में बच्चों को मंच पर आमंत्रित कर मालाएँ पहनाई गईं और साफा (पगड़ी) पहनाकर सम्मानित किया गया। बच्चों की मुस्कुराहट और आत्मविश्वास से भरे चेहरे पूरे समारोह का आकर्षण बने रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा माहेश्वरी ने कहा कि “अमन, रबानी और सुमायरा जैसे विद्यार्थी विद्यालय की पहचान हैं। अमन ने बचपन से ही खेलों में समर्पण और अनुशासन का परिचय दिया, और आज उनकी यह उपलब्धि सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत है।” विद्यालय की कोऑर्डिनेटर सुरभि शर्मा ने बताया कि “हमारे विद्यार्थी खेल और सह-शैक्षणिक दोनों क्षेत्रों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय अपने परिसर में एक आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थापित करने की दिशा में कार्यरत है, जिससे बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएँ मिल सकें।” रबानी की माता श्रीमती नवनीत कौर ने विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “विद्यालय बच्चों को निरंतर प्रोत्साहन देता है। रबानी ने मात्र चार वर्ष की आयु में स्केटिंग सीखना शुरू किया और एक वर्ष में ही प्रतियोगितात्मक स्तर पर पहुँच गई। ऐसे सम्मान समारोह बच्चों के आत्मविश्वास और नैतिक बल को बढ़ाने में अत्यंत सहायक हैं।”
इस अवसर पर योगेश स्वामी गिरदावर ने कहा कि “विद्यालय विद्यार्थियों को उनके सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव सहयोग देता है। अमन खान की निरंतरता और अनुशासन ने उन्हें भारतीय वायुसेना तक पहुँचाया, जो सभी के लिए प्रेरणादायक है।”
विद्यालय ने खेल क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए श्री गुलज़ार अहमद, राजस्व निरीक्षक एवं अध्यक्ष, जिला फुटबॉल संघ, को भी सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन ने उनके मार्गदर्शन व सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।