महाशिवरात्रि पर मानव सेवा की मिसाल, अस्पताल में जरूरतमंदों के लिए भंडारे का आयोजन

69

एपेक्स क्लब ने मरीजों और परिजनों को किया भोजन वितरण
हनुमानगढ़ टाउन। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर एपेक्स क्लब हनुमानगढ़ टाउन एवं ठंडी छांव सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में महात्मा गांधी राजकीय चिकित्सालय के मुख्य द्वार के सामने सेवा भावना से ओतप्रोत भंडारे का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य चिकित्सालय में उपचार हेतु आए मरीजों एवं उनके परिजनों को भोजन उपलब्ध कराना रहा। भंडारे में खिचड़ी, खीर, ब्रेड, चावल एवं फल का वितरण किया गया, जिसे एपेक्स क्लब के सदस्यों ने स्वयं सेवाभाव के साथ संपन्न कराया। यह आयोजन प्रोजेक्ट चेयरमैन एपेक्शीयन अजय सुखीजा की प्रेरणा से किया गया, जिन्होंने समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर एपेक्स क्लब के अध्यक्ष एपेक्शीयन डॉ. प्रदीप सहारण एवं सचिव एपेक्शीयन इंद्र पाहवा ने बताया कि एपेक्स क्लब सदैव सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता आया है। इसी कड़ी में महाशिवरात्रि के अवसर पर मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए यह भंडारा आयोजित किया गया, ताकि उन्हें कठिन समय में सहयोग मिल सके।उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी क्लब द्वारा अस्पताल में मरीजों के लिए विभिन्न सहयोगात्मक कार्य किए जा चुके हैं। साथ ही आगामी समय में क्लब द्वारा स्कूलों में जरूरतमंद बच्चों को पाठ्य सामग्री का वितरण किया जाएगा। इससे पहले आंगनवाड़ी केंद्रों पर भी एपेक्स क्लब द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जा चुका है। इस सेवा कार्य में कोषाध्यक्ष दिनेश तलवाडिया, एपेक्शीयन अजय सुखीजा, एपेक्शीयन राजेंद्र वेद (नेशनल वाइस प्रेसिडेंट, एपेक्स इंडिया), एपेक्शीयन गौरीशंकर शर्मा (पूर्व अध्यक्ष), लैब टेक्नीशियन बिंदर सिंह सहित अनेक सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। आयोजन से अस्पताल परिसर में सेवा, सहयोग और सद्भाव का संदेश प्रसारित हुआ।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।