’- प्रशासनिक आश्वासन के बावजूद नहीं शुरू हुई हनुमानगढ़ वाया मानकसर-लीलांवाली बस सेवा’
हनुमानगढ़। जिले के लीलांवाली गांव के ग्रामीणों ने हनुमानगढ़ से वाया नवां, चंदड़ा, मानकसर होकर लीलांवाली तक पूर्व संचालित रोडवेज बस सेवा को पुनः बहाल करने की मांग को लेकर नाराजगी जाहिर की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह बस सेवा पिछले लगभग 10 वर्षों से सुचारू रूप से चल रही थी, जिससे गांव लीलांवाली सहित आसपास की ढाणियों, गांवों के हजारों लोगों को हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय तक आवागमन में अत्यंत सुविधा होती थी।ग्रामीण मनदीप मान ने बताया किकुछ माह पूर्व गांव किकरवाली में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा बस चालक व परिचालक के साथ दुर्व्यवहार किए जाने की घटना सामने आई थी। इसके बावजूद गांव लीलांवाली के मौज़िज व्यक्तियों ने स्थिति को संभालते हुए बस संचालन को फिर से शुरू करवाया था। लेकिन अब बिना किसी ठोस कारण के उक्त रूट से बस को हटाकर किसी अन्य रूट पर भेज दिया गया है, जिससे लीलांवाली व आसपास के गांवों के विद्यार्थियों, सरकारी कर्मचारियों और आम ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि ग्रामीणों द्वारा दिनांक 22 अगस्त 2025 को रोड़वेज मुख्य प्रबंधक को इस संदर्भ में ज्ञापन सौंपा गया था। कलेक्टर महोदय द्वारा ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया था कि 1 सितम्बर 2025 तक बस संचालन पुनः शुरू करवा दिया जाएगा, लेकिन आज दिनांक तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। अब ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 5 सितम्बर 2025 तक हनुमानगढ़ से वाया नवां, चंदड़ा, मानकसर, लीलांवाली रूट पर बस सेवा को पुनः संचालित नहीं किया गया, तो वे धरने पर बैठने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि इस रूट पर न केवल यात्री संख्या अधिक है, बल्कि यह मार्ग शैक्षणिक व रोजगार के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है ताकि क्षेत्र के नागरिकों को राहत मिल सके। इस मौके पर मनदीप सिंह मान,सोहन सिंह, रविन्द्र कुमार, राजकुमार, जगमीत सिंह, सतवीर सिंह, गुरमीत सिंह, सुखमेल सिंह, सोनी भुप्पर, कुलदीप सिंह, माटा सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































