शहरी सेवा शिविर में बच्चों का अन्नप्राशन व महिलाओं की गोद भराई सम्पन्न

307

-सुपोषण की शपथ दिलाई, योजनाओं की जानकारी देकर किया जागरूक
हनुमानगढ़। 
राजस्थान सरकार द्वारा संचालित शहरी सेवा शिविर 2025 के अंतर्गत शनिवार को नगरपरिषद क्षेत्र में विशेष आयोजन किया गया। इस शिविर में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान तीन महिलाओं की गोद भराई तथा तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार विधिवत रूप से सम्पन्न किया गया। इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों को सुपोषण की शपथ भी दिलाई गई।
शिविर में बच्चों का अन्नप्राशन करवाने के लिए नगरपरिषद एक्सईएन रामप्रसाद मीणा, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, पूर्व बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जोधा सिंह भाटी, एईएन राकेश, जेईएन सत्यवीर कटारिया, तथा महिला पर्यवेक्षक मधु महाजन मौजूद रहे। उन्होंने विधि-विधान से बच्चों को अन्न ग्रहण कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर आगनबाड़ी कार्यकर्ता फूल कुमारी, सुमन रैगर, गायत्री, सुनीता, ममता व संतोष ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर का वातावरण महिलाओं और बच्चों की सहभागिता से उत्साहपूर्ण बना रहा।
शिविर में महिला पर्यवेक्षक मधु महाजन ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के बारे में बताते हुए मातृत्व लाभ योजना की पात्रता, लाभ और प्रक्रियाओं से अवगत कराया। साथ ही सुपोषण अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बच्चों और महिलाओं के स्वस्थ रहने के लिए संतुलित आहार बेहद जरूरी है।
महाजन ने प्रतिभागियों को मोटे अनाज जैसे ज्वार, बाजरा, रागी आदि के सेवन के लाभ बताए। उन्होंने कहा कि मोटा अनाज शरीर को रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रदान करता है और कुपोषण से बचाव करता है। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपने परिवार की दिनचर्या में पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता दें, ताकि आने वाली पीढ़ी स्वस्थ और सशक्त बन सके।
शिविर में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने महिलाओं और बच्चों को आशीर्वाद दिया और कहा कि ऐसे शिविर समाज में जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण साधन हैं। यह न केवल लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ते हैं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।