संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर प्रदर्शन का एलान

98

– टिब्बी क्षेत्र में एथेनॉल फैक्ट्री विवाद को लेकर किसानों के संघर्ष का माकपा ने किया समर्थन
हनुमानगढ़। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की बैठक आज भगत सिंह यादगार भवन स्थित लाल चौक पर कांग्रेस नेता आत्मा सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ किसानों एवं मजदूरों से जुड़े ज्वलंत प्रश्नों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए माकपा तहसील सचिव कामरेड बंसत सिंह ने कहा कि 26 नवंबर को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर पूरे भारत में जिलाधीश कार्यालयों पर विशाल प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मेहनतकश जनता—मजदूरों, किसानों तथा मनरेगा श्रमिकों की समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा, अखिल भारतीय ग्रामीण खेत मजदूर संघ, मनरेगा यूनियन तथा भारतीय ट्रेड यूनियन के अंतर्गत सीटू के राष्ट्रीय अभियान को पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया गया है।
कामरेड बंसत सिंह ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई, कृषि कानूनों के खतरे, न्यूनतम समर्थन मूल्य की अनदेखी तथा मजदूरों के अधिकारों के हनन ने किसानों व श्रमिकों को सड़क पर उतरने के लिए विवश किया है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार की उदासीनता लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
बैठक में टिब्बी क्षेत्र के राठीखेड़ा में स्थापित की जा रही एथेनॉल फैक्ट्री के विरुद्ध चल रहे किसान आंदोलन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि डेढ़ वर्ष से शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठे किसानों को जबरन हटाने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया, किसानों की गिरफ्तारियां की गईं, घरों के दरवाजे तोड़े गए, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार तक किया गया तथा हजारों पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में फैक्ट्री निर्माण कार्य शुरू करवाया गया। बैठक में इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला बताते हुए राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार को पूंजीपतियों के आगे नतमस्तक होने वाला करार दिया गया।
पार्टी नेताओं ने स्पष्ट कहा कि किसानों के संघर्ष के साथ माकपा की प्रतिबद्धता अटूट है। उन्होंने घोषणा की कि राठीखेड़ा के किसानों द्वारा जब भी आंदोलन को पुनः गति दी जाएगी, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) उसका पुरजोर समर्थन करेगी।
बैठक में माकपा जिला सचिव मंडल के सदस्य कामरेड रघुवीर वर्मा, कामरेड शेर सिंह शाक्य, कामरेड बहादुर सिंह चौहान, कामरेड दिनेश मजोका, कामरेड विनोद कुमार, कामरेड मुकद्दर अली, कामरेड सुरेश जोड़किया, कामरेड मोहन लोहरा, कामरेड हरजी वर्मा, कामरेड बलदेव सिंह मक्कासर, कामरेड वेद मक्कासर, कामरेड ऋषिपाल सिंह राठौड़, कामरेड प्रहलाद कुमार मरुआ एवं कामरेड देवीलाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।