-एक वर्ष से जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने वाले सेवादारों का हुआ सम्मान
हनुमानगढ़। श्री सनातन धर्म महावीर दल द्वारा संचालित आपणी रसोई, टैम्पों स्टैंड के ऊपर, में नववर्ष के अवसर पर वार्षिक उत्सव श्रद्धा, सेवा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रसोई के सेवादारों का सम्मान कर उनके सेवा भाव की सराहना की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल रहे, जबकि पूर्व सभापति सुमित रणवां विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। इसके अलावा फूडग्रेन मर्चेंट्स एवं व्यापार मंडल शिक्षा समिति के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और आपणी रसोई द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की प्रशंसा की।
विधायक गणेशराज बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि आपणी रसोई पिछले एक वर्ष से लगातार जरूरतमंदों को 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराकर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से संचालित इस प्रकार की पहलें जरूरतमंदों के लिए संजीवनी साबित होती हैं। पूर्व सभापति सुमित रणवां ने भी सेवादारों की सेवा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह रसोई समाज में संवेदना और भाईचारे की भावना को मजबूत कर रही है। कार्यक्रम के दौरान रसोई से जुड़े सेवादारों को गर्म कम्बल भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सेवादारों से संवाद कर उनके अनुभव भी साझा किए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































