-हनुमानगढ़ का गौरव बढ़ाएंगे, 400 और 800 मीटर दौड़ में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
हनुमानगढ़। जिले के खेल जगत के लिए गर्व का विषय है कि यहां के युवा एथलेटिक्स कोच सुनील सांमरिया का चयन आगामी एशियन मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 5 से 9 नवंबर तक चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगी, जिसमें एशिया महाद्वीप के कई शीर्ष धावक हिस्सा लेंगे। सुनील सांमरिया 35 से 40 वर्ष आयु वर्ग में 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। सुनील ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच सुरेंद्र बिश्नोई, अर्जुन अवार्डी ओलंपियन गोपाल सैनी और राजस्थान मास्टर्स एसोसिएशन की उपाध्यक्ष जगजीत कौर को दिया है। उन्होंने कहा कि कठिन पुलिस ड्यूटी के बावजूद निरंतर अभ्यास और अनुशासन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
सोमारनाथ स्पोर्ट्स क्लब के संरक्षक अर्जुन अवार्डी जगसीर सिंह ने कहा कि सुनील की यह उपलब्धि हनुमानगढ़ के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि सुनील ने जिस समर्पण से खेल को समय दिया, वह युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वहीं क्लब के संरक्षक अर्जुन अवार्डी संदीप सिंह मान ने उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सुनील ने पिछले 15 वर्षों से हनुमानगढ़ में एथलेटिक्स खेल को जीवित रखा है और हजारों युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें खेलों से जोड़ते हुए नशे से दूर किया है।
क्लब के वरिष्ठ सदस्य विक्रम सिंह मान ने बताया कि सुनील का चयन हनुमानगढ़ के एथलेटिक्स इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ेगा। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जनेश तंवर, विधायक गणेशराज बंसल, क्लब अध्यक्ष हंसराज बिश्नोई, सचिव ताराचंद कंबोज, कोषाध्यक्ष नरेंद्र झोरड, उपाध्यक्ष दिलीप राम थोरी, राधेराम सहारण, सहायक सचिव मदन नोखवाल सहित क्लब के सभी सदस्यों ने उन्हें बधाई दी और भारत के लिए शानदार प्रदर्शन की कामना की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































