पीएम विकसित भारत रोजगार योजना पर जागरूकता शिविर आयोजित

188

– नवपंजीकृत कर्मचारियों को ₹15,000 तक प्रोत्साहन, नियोक्ताओं को भी मिलेगा आर्थिक लाभ
हनुमानगढ़। 
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के जिला कार्यालय श्री गंगानगर की ओर से गुरुवार को “पीएम विकसित भारत रोजगार योजना” को लेकर एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठित क्षेत्र के कर्मचारियों और नियोक्ताओं को हाल ही में भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई इस योजना के बारे में विस्तृत जानकारी देना और इसके लाभों से अवगत कराना था।
शिविर क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम डॉ. अजय सिंह चौधरी के निर्देशन में हुआ। शिविर की अध्यक्षता श्री रामधन मीणा प्रवर्तन अधिकारी ने की उन्होंने बताया कि यह योजना देश में संगठित रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है, जिसके तहत नए रोजगार सृजन को प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत उन नवपंजीकृत कर्मचारियों को जिनका मासिक वेतन ₹1,00,000 तक है, सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वहीं पात्र नियोक्ताओं को प्रति नए कर्मचारी ₹1,000 से ₹3,000 प्रतिमाह तक की राशि प्रोत्साहन स्वरूप मिलेगी। इससे न सिर्फ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि नियोक्ता भी अधिक कर्मचारियों को नियोजित करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
शिविर के दौरान यह भी बताया गया कि योजना का लाभ उठाने के लिए कर्मचारियों का डिजिटल पंजीकरण आवश्यक होगा। इसके साथ ही आधार संख्या और यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) की सक्रियता भी अनिवार्य है। योजना की प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाने के लिए समस्त जानकारी ऑनलाइन प्लेटफार्म पर उपलब्ध कराई गई है।
इस अवसर पर EPFO के श्री मयंक, सामाजिक सुरक्षा सहायक, तरुण बंसल, संदीप कुमार और पवन कुमार ने भी उपस्थित जनसमूह को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेज़ों की आवश्यकता एवं योजना के दीर्घकालिक लाभों की जानकारी विस्तारपूर्वक दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्यमी, प्रबंधक, कर्मचारी प्रतिनिधि एवं औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस योजना को रोजगार सृजन की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया और सरकार के इस प्रयास की सराहना की।
शिविर के अंत में प्रतिभागियों के सवालों का समाधान किया गया और उन्हें योजनागत लाभों का शीघ्र आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।