हनुमानगढ़ में यातायात नियमों को लेकर जागरूकता सेमिनार आयोजित

74
-विद्यालयी बच्चों को हेलमेट, सीट बेल्ट व सड़क सुरक्षा का दिया गया संदेश
हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक हरीशंकर के निर्देशानुसार यातायात थाना हनुमानगढ़ द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता सेमिनारों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में जंक्शन स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विशेष जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी व शिक्षक मौजूद रहे।
सेमिनार को संबोधित करते हुए यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों की जानकारी और उनका पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही, तेज गति और नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। अनिल चिन्दा ने विद्यार्थियों को समझाया कि सड़क पर उदंडता और असंयमित व्यवहार न केवल स्वयं के लिए, बल्कि दूसरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि सड़क तभी सुरक्षित रहती है जब प्रत्येक व्यक्ति जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करे और नियमों का पालन करे। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवारजनों व मित्रों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
सेमिनार के दौरान थाना प्रभारी ने मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए कहा कि यदि कहीं सड़क दुर्घटना होती है तो वहां वीडियो या फोटो बनाने के बजाय घायल की सहायता करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद समय पर मदद मिलने से कई लोगों की जान बच सकती है। विद्यार्थियों को “गुड सेमेरिटन” बनने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि मदद करने वाले व्यक्ति को कानून का संरक्षण भी प्राप्त है, इसलिए बिना किसी डर के जरूरतमंद की सहायता करनी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रिंसीपल सुनीता यादव ने भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा की समझ विकसित करना भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।