-महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र ने जिला अस्पताल में किया सेनेटरी नेपकिन वितरण
हनुमानगढ़। सेवा पखवाड़े के तहत चल रहे स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार कार्यक्रम के अन्तर्गत बुधवार को महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र की ओर से टाउन स्थित राजकीय जिला अस्पताल में महिलाओं के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और नियमित जांच के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। साथ ही कार्यशाला में महिलाओं को निशुल्क सेनेटरी नेपकिन वितरित किए गए।
कार्यक्रम में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. शंकर सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष गौरव जैन, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद नेहरा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरा केन्द्र की अध्यक्षा कंचन गुप्ता ने की। डॉ. शंकर सोनी ने वीरा केन्द्र द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पहले महिलाएं माहवारी और स्वच्छता जैसे विषयों पर खुलकर बात करने में झिझक महसूस करती थीं, लेकिन अब सामाजिक संगठनों की पहल से यह झिझक काफी हद तक टूट चुकी है।
महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद नेहरा ने कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने माहवारी के समय स्वच्छता बनाए रखने की महत्ता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संक्रमण से बचने के लिए सेनेटरी नेपकिन का उपयोग आवश्यक है और इन्हें सही तरीके से निस्तारित करना भी सीखना चाहिए। उन्होंने 40 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को विशेष रूप से जागरूक करते हुए बताया कि बढ़ती उम्र के साथ शरीर में कई प्रकार के बदलाव आते हैं, जिन पर ध्यान देना जरूरी है। बीपी, शुगर और अन्य स्वास्थ्य जांच को केवल इलाज का साधन नहीं, बल्कि आत्म-सुरक्षा का हिस्सा मानना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































