यातायात पुलिस थाना हनुमानगढ़ में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान जागरूकता कार्यशाला आयोजित

137

-ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को सुरक्षित यातायात व दस्तावेज पूर्ण रखने की दी गई सख्त हिदायत, रिक्शा व ऑटो चालकों का होगा रिकॉर्ड व्यवस्थित
हनुमानगढ़।
 राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के निर्देशानुसार यातायात पुलिस थाना हनुमानगढ़ में यातायात जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विशेष रूप से ऑटो चालक एवं ई-रिक्शा चालकों को आमंत्रित किया गया, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं जिम्मेदार बनाया जा सके। कार्यक्रम का उद्देश्य चालकों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराना तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए यातायात थानाधिकारी अनिल चिन्दा ने कहा कि ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक केवल वाहन चालक ही नहीं होते, बल्कि वे अपने साथ कई परिवारों की जिंदगियों की जिम्मेदारी भी उठाते हैं। एक चालक की सतर्कता और अनुशासन ही यह तय करता है कि सवारी सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि अधिकांश चालक नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित रूप से वाहन चलाते हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जो बिना अनुभव, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक कागजातों के अभाव में ऑटो व ई-रिक्शा का संचालन कर रहे हैं, जो न केवल स्वयं के लिए बल्कि सवारियों और अन्य राहगीरों के लिए भी खतरा बन सकता है।
अनिल चिन्दा ने चालकों को निर्देश दिए कि सभी वाहन के आवश्यक दस्तावेज जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र सदैव पूर्ण रखें। उन्होंने विशेष रूप से यह भी कहा कि किसी भी स्थिति में ड्राइवर सीट पर अतिरिक्त सवारी न बैठाई जाए, क्योंकि इससे वाहन संचालन में कठिनाई होती है और दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।