बार संघ हनुमानगढ़ चुनाव: अन्तरिम उम्मीदवार सूची जारी

88

– 9 दिसंबर तक नामांकन वापसी, 12 को होगा मतदान
हनुमानगढ़। बार संघ, हनुमानगढ़ के वर्ष 2025-26 के चुनाव को लेकर शनिवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट प्रीतपाल सिंह ने अंतरिम उम्मीदवार सूची जारी कर दी। जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार प्राप्त नामांकनों की जांच के बाद वैध पाए गए उम्मीदवारों की सूची कार्यालय परिसर में चस्पा की गई। इस दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट रामकुमार सहारण, विमल कीर्ति बिश्नोई, आशीष भीड़ासरा एवं शालू रानी भी उपस्थित रहे। निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष अभ्यर्थियों ने अपने-अपने नामांकन प्रस्तुत किए, जिनकी विधिवत जांच के बाद यह अंतरिम सूची जारी की गई।
अध्यक्ष पद पर पांच उम्मीदवारों के बीच मुकाबला नजर आ रहा है। भगवान दास रोहिल्ला, जितेन्द्र कुमार सारस्वत, नरेन्द्र कुमार, रोहित सिंह खींची और विनोद कुमार डुडी का नाम सूची में शामिल किया गया है। इनके बीच चुनावी माहौल पहले ही गर्माया हुआ है। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए बृजमोहन बिश्नोई, गुरदेव सिंह थिन्द और रामस्वरूप नांदेवाल के नाम वैध पाए गए।
महासचिव पद पर भी त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। हेमराज वधवा, मोहित सिंह ऐरन और नवदीप कड़वासरा ने अपने नामांकन दाखिल किए हैं। कोषाध्यक्ष पद पर दो उम्मीदवार देवेन्द्र सिंह शेखावत और मोहित आमने-सामने होंगे। पुस्तकालयाध्यक्ष पद के लिए ध्रुव कुमार और सुनील सोनी के नामों की पुष्टि की गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट प्रीतपाल सिंह ने बताया कि 9 दिसंबर नामांकन वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित है। यदि किसी भी पद पर अभ्यर्थियों के बीच आपसी सहमति बनती है और सभी उम्मीदवार अपने नाम वापस ले लेते हैं, तो उस पद पर निर्विरोध चयन की घोषणा कर दी जाएगी। अन्यथा 12 दिसंबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान कराया जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया के आगे बढ़ने के साथ ही बार संघ परिसर सहित वकीलों के बीच चुनावी चर्चा तेज हो गई है। कई पदों पर संभावित सहमति बनने की चर्चा है, जबकि कुछ पदों पर कड़ा मुकाबला देखने की उम्मीद है। चुनाव अधिकारी के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए संपूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।