यूथ वीरांगनाओं ने पौधारोपण कर मनाया स्वतंत्रता दिवस

158

हनुमानगढ़ टाउन की यूथ वीरांगनाओं ने स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाते हुए प्रेम नगर स्थित सोनी पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर यूथ वीरांगनायें टीम ने हाथों में तिरंगा थामकर रैली निकाली और देशभक्ति के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। रैली के बाद सभी वीरांगनाएं सोनी पार्क पहुँचीं, जहां उन्होंने मिलकर 11 छायादार पौधे रोपे। इस दौरान सभी ने पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। यूथ वीरांगनायें टीम की सदस्य रजनी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस केवल देश के वीर शहीदों को नमन करने का अवसर ही नहीं, बल्कि हमें अपने कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। इसी सोच के तहत पर्यावरण बचाने का संदेश देने के लिए पौधारोपण किया गया। उन्होंने कहा कि हर नागरिक का दायित्व है कि वह अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल करे।तिरंगा रैली और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प इस मौके पर वीरांगनाओं ने कहा कि देश की आज़ादी को सच्चे अर्थों में बनाए रखने के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण बेहद ज़रूरी है। पौधारोपण से न केवल प्रकृति को संजीवनी मिलती है बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ जीवन भी मिलता है। कार्यक्रम में मीनाक्षी, आशना, रीमा, डिंपल, कंचन, संगीता, प्राची, निकिता, कोमल, सीमा, रजनी सहित कई वीरांगनाएं मौजूद रहीं।सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे पौधों की नियमित देखभाल करेंगी और समाज को भी अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करेंगी। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित यह विशेष कार्यक्रम यूथ वीरांगनाओं के देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी के भाव का प्रतीक रहा।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।