– पाल समाज समिति द्वारा आयोजित कथा का पांचवां दिन रहा भक्तिमय माहौल
हनुमानगढ़। पाल समाज समिति की ओर से नाथ धर्मशाला, सुरेशिया वार्ड 59, हनुमानगढ़ जंक्शन में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन मंगलवार को भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। धार्मिक उत्साह और भक्ति भाव से सराबोर इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए। कथा पांडाल में भक्ति गीतों की गूंज और झूमते श्रद्धालुओं का उल्लासमय वातावरण देखने योग्य था।
इस अवसर पर आज के यजमान सीताराम पाल रहे। कथा वाचन अजय कृष्ण शास्त्री द्वारा किया गया, जिन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का जीवंत और भावपूर्ण वर्णन प्रस्तुत किया। विजय शास्त्री ने मधुर भजनों के माध्यम से माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। कथा श्रवण के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए और “जय श्रीकृष्ण” के उद्घोष से पूरा पांडाल गूंज उठा।
कार्यक्रम में समाज के कई गणमान्य सदस्य और वार्डवासी मौजूद रहे, जिनमें राम शंकर पाल, रामकुमार पाल, दिनेश पाल, गिरिजा शंकर पाल, विनोद पाल, माताफेर पाल, भगवती प्रसाद, राजेंद्र पाल, धीरज पाल, बलकरण पाल, नंद कुमार पाल और राजेंद्र (राजू) सहित अन्य लोग शामिल थे। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कथा श्रवण कर पुण्य अर्जित किया और कृष्ण जन्मोत्सव को हर्षोल्लास से मनाया।
समिति सदस्य रामकुमार पाल ने जानकारी दी कि श्रीमद् भागवत कथा का समापन 19 सितंबर 2025, शुक्रवार को पूर्ण आहुति के साथ किया जाएगा। इसके उपरांत भंडारे का आयोजन रखा गया है, जो प्रातः 11:15 बजे से प्रभु इच्छा तक चलेगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों से भंडारे में पधारकर प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































