
आंदोलन के तीसरे चरण में रैली निकालकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। भारत मुक्ति मोर्चा एवं उसके सहयोगी संगठनों ने बामसेफ और भारत मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन की अनुमति रद्द किए जाने के विरोध में गुरुवार 22 जनवरी को आंदोलन के तीसरे चरण के तहत शहर में रैली निकालकर जोरदार विरोध दर्ज कराया। रैली विभिन्न मार्गों से होती हुई कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची, जहां मोर्चा के पदाधिकारियों ने अतिरिक्त जिला कलक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, गृहमंत्री एवं संबंधित अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा।
मोर्चा जिलाध्यक्ष हेमचंद ने आरोप लगाया कि बामसेफ संगठन की ओर से काम्पीक एवं राष्ट्रीय मूलनिवासी संघ का 42वां राष्ट्रीय अधिवेशन तथा भारत मुक्ति मोर्चा का 15वां राष्ट्रीय अधिवेशन 30 दिसंबर 2025 तक ओडिशा के कटक में प्रस्तावित था। यह अधिवेशन मुख्य रूप से ओबीसी वर्ग की जाति आधारित जनगणना के संवैधानिक अधिकारों के समर्थन में आयोजित किया जाना था। आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं कटक महानगर पुलिस प्रशासन से पूर्व अनुमति लेकर सभी कानूनी औपचारिकताएं समय पर पूरी कर ली गई थीं, इसके बावजूद षड्यंत्रपूर्वक अनुमति रद्द कर दी गई।
भारत मुक्ति मोर्चा ने आरोप लगाया कि आरएसएस-बीजेपी से जुड़े लोगों के दबाव में यह निर्णय लिया गया, जिससे देश-विदेश से आने वाले डेलीगेट्स एवं कार्यकर्ताओं को आर्थिक व मानसिक नुकसान झेलना पड़ा। संगठन ने इसे लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों पर सीधा हमला बताया।
ज्ञापन में मांग की गई कि राष्ट्रीय अधिवेशन की अनुमति तत्काल प्रभाव से पुनः बहाल की जाए तथा आयोजन रद्द होने से हुए नुकसान का पूरा मुआवजा दिया जाए। साथ ही ओबीसी जाति आधारित जनगणना के मुद्दे को दबाने की कथित साजिश की निष्पक्ष न्यायिक जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। मोर्चा ने ओडिशा राज्य सरकार पर संविधान उल्लंघन का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति से संवैधानिक कदम उठाने की भी मांग की।
भारत मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 22 फरवरी को आरएसएस हैडक्वार्टर, नागपुर पर राष्ट्रव्यापी विशाल महारैली निकालकर विरोध दर्ज करवाया जायेगा। इस मौके पर हेमचंद ,भवानीशंकर,लखपतराय,जसविन्दर सिंह धालीवाल, बहादुर सिंह, सुनील मेघवाल संदीप मेघवाल, श्यामलाल आदि मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































