विश्वकर्मा दिवस पर भारतीय मजदूर संघ का भव्य आयोजन

221

-श्रमिकों और शिल्पकारों के योगदान को किया नमन, उत्कृष्ट श्रमिकों का हुआ सम्मान
हनुमानगढ़। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मंगलवार, 17 सितम्बर को भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) हनुमानगढ़ इकाई द्वारा जाट भवन में भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्रमिकों, कारीगरों, इंजीनियरों और समाज के सभी मेहनतकश वर्गों के सम्मान और एकजुटता को समर्पित रहा। बड़ी संख्या में श्रमिकों, विभिन्न विभागों के कार्मिकों तथा आम नागरिकों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएमएस के जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने की। विशेष अतिथियों में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार डेलू, भाजपा नेता चौधरी अमित साहू, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता काशीराम गोदारा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक नीरज शर्मा, भाजपा प्रवक्ता राकेश सहारण, विश्व हिंदू परिषद के डॉ. निशांत बत्रा, प्रदेश महामंत्री इन्द्राज घोटिया, सम्भाग संगठन मंत्री राजस्थान जलदाय कर्मचारी संघ अंग्रेज सिंह, जिला मंत्री संदीप सिरावता, जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सीकर, जिला महामंत्री अनिल ज्याणी, मीडिया प्रभारी गुरमुख सिंह, कार्यकर्ता ओमप्रकाश गोदारा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
विभिन्न विभागों से भी वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इनमें विद्युत विभाग से एसई रीछपाल चारण, एक्सईएन अरविंद गढ़वाल, सहायक अभियंता संदीप सहारण, जलदाय विभाग से जिला महामंत्री संदीप झोरड़ और अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधित्व योगिता शर्मा, सरस्वती, दीपिका शर्मा और सुनीता ने किया। असंगठित क्षेत्र से अनिल यादव, रमेश सिंह और कपिल खिलैरी भी कार्यक्रम का हिस्सा बने।
शोभायमान कार्यक्रम का संचालन करते हुए वक्ताओं ने भगवान विश्वकर्मा के आदर्शों और सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा मेहनतकश समाज, कारीगरों और इंजीनियरों के प्रतीक हैं। उनके पूजन का उद्देश्य न केवल औजारों और मशीनों का सम्मान करना है, बल्कि उन श्रमिकों और शिल्पकारों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करना भी है, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में अपनी मेहनत और कौशल से योगदान दिया है।
जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने कहा कि मजदूर संघ सदैव श्रमिकों के अधिकारों और उनकी गरिमा को बढ़ाने के लिए तत्पर रहा है। उन्होंने श्रमिकों के कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे श्रमिकों को सम्मानित भी किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।