-मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। केंद्र और राज्य सरकार के हालिया बजट के विरोध में भारतीय मजदूर संघ की ओर से बुधवार को जंक्शन स्थित विद्युत विभाग कार्यालय से जिला कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली गई। रैली के पश्चात संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों एवं श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया।
जोधपुर संभाग संगठन मंत्री लवजीत पंवार ने बताया कि यह कार्यक्रम संगठन के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार के बजट में कर्मचारियों तथा असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले श्रमिकों की अपेक्षित रूप से अनदेखी की गई है, जिससे व्यापक असंतोष व्याप्त है।
ज्ञापन में संघ के जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा एवं जिला मंत्री संदीप सिरावता ने बताया कि सरकार द्वारा पूर्व में कर्मचारियों और श्रमिकों के हित में की गई कई घोषणाओं को अब तक पूरा नहीं किया गया है। विशेष रूप से संविदा कर्मचारियों के मानदेय में प्रतिवर्ष की जाने वाली बढ़ोतरी इस वर्ष लागू नहीं की गई, जिससे संविदा कर्मियों में निराशा का माहौल है। संघ ने इसे कर्मचारियों के साथ अन्याय बताया।
इसके अलावा वेतन विसंगतियों के निराकरण, श्रमिक हित में घोषित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। पदाधिकारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच वेतन और भत्तों में समुचित वृद्धि नहीं होने से कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
जलदाय प्रदेश महामंत्री इन्द्राज घोटिया ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों और श्रमिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
रैली में विभिन्न विभागों के कर्मचारी, संविदा कर्मी एवं श्रमिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और मांगों के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































