नवागत कलेक्टर से भाजपा प्रतिनिधिमंडल की भेंट, अंत्योदय पखवाड़ा की जानकारी देकर मांगी सहयोग की अपेक्षा

203

हनुमानगढ़। भाजपा नेता संजय शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें जिले में पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दीं। कलेक्ट्रेट परिसर में हुई इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को प्रदेशभर में 24 जून से 9 जुलाई तक मनाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा की जानकारी दी और इस विशेष अभियान को जिले में प्रभावी रूप से लागू करने की अपेक्षा जताई।
भाजपा नेता संजय शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य सरकार द्वारा यह पखवाड़ा गरीब, जरूरतमंद व वंचित वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि इस पखवाड़े के तहत प्रत्येक विभाग की स्पष्ट भूमिका तय की गई है और उनका उद्देश्य है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की सीधी पहुँच सुनिश्चित हो।
उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग सीमाज्ञान, नामांतरण और पत्थरगढी के मामलों का त्वरित निपटारा करेगा। ग्रामीण विकास विभाग गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को गरीबी मुक्त गांव योजना से जोड़ेगा। पंचायतीराज विभाग स्वामित्व पट्टे वितरित करेगा और जलग्रहण संरचनाओं का रखरखाव करेगा।
संजय शर्मा ने बताया कि ऊर्जा विभाग खराब पोल और झूलते तारों की समस्या दूर करेगा, वहीं जलदाय विभाग पेयजल कनेक्शन की लम्बित मांगों को पूरा करेगा। कृषि विभाग ड्रिप व स्प्रिंकलर जैसी योजनाएं स्वीकृत करेगा और मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित करेगा। वन विभाग पौधे उपलब्ध करवाकर पौधारोपण अभियान को गति देगा।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।