-राष्ट्रीय आयुष मिशन का 10 दिवसीय निशुल्क आयुर्वेद क्षार सूत्र शल्य चिकित्सा शिविर जारी
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जंक्शन स्थित दुर्गा मंदिर धर्मशाला में आयोजित 10 दिवसीय निशुल्क अंतरंग आयुर्वेद क्षार सूत्र शल्य चिकित्सा शिविर में जिले के बड़ी संख्या में मरीज लाभान्वित हो रहे हैं। शिविर में आयुर्वेद की आधुनिक एवं प्रभावी पद्धतियों के माध्यम से विभिन्न रोगों का सफल उपचार किया जा रहा है, जिससे आमजन में आयुर्वेद के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
गुरुवार को शिविर में सेवा भावना का उदाहरण देखने को मिला, जब लॉयन्स क्लब के सदस्यों द्वारा उपचाररत सभी मरीजों को फल वितरण किया गया। इस दौरान मरीजों ने संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना की। वहीं गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू एवं जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी ने शिविर का निरीक्षण किया और वहां उपचार ले रहे मरीजों से मुलाकात कर उनकी तबीयत व उपचार की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा हमारे समृद्ध आयुर्वेदिक इतिहास और उसके गूढ़ रहस्यों को पुनः जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के माध्यम से बिना किसी साइड इफेक्ट के अनेक जटिल रोगों का उपचार संभव है और ऐसे शिविर आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































